पुरातत्व विभाग के सभी स्मारकों में लगेंगे तड़ित चालक

जयपुर. आमेर में आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की हुई मौत के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है. पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने फास्ट एक्शन मोड पर आते हुये राजधानी में सभी स्मारकों पर तड़ित चालक यानी थंडर स्टिक की जानकारी मांगी है. विभाग के निदेशक प्रकाश चंद शर्मा ने अर्जेंट पत्र जारी करते हुए राजधानी में सभी स्मारकों पर तड़ित चालक लगाने के लिए स्मारक अधीक्षकों को पत्र भी भेज दिया है. पत्र में सर्वे और स्टडी करके जानकारी मांगी गई है कि किस स्मारक में कितने तड़ित चालक लगाए जाने की जरुरत है. अधिकारियों बात की तो सामने आया कि अकेले आमेर महल परिसर में ही कोई एक दो नहीं बल्कि 16 तड़ित चालक लगाए जाने की जरुरत है. इस मामले में एक पत्र आमेर महल प्रशासन की ओर से आमेर विकास प्राधिकरण को भी भेजा गया है. उसमें आमेर के सामने स्थित वॉच टावर पर त्वरित गति से थंडर स्टिक यानी तड़ित चालक लगाए जाने की जरुरत बताई गई है. इससे पहले भी आमेर में 2013 और 2019 में बिजली गिरने के मामले सामने आ चुके हैं. 2019 में मावठे के पास छतरी पर बिजली गिरने के कारण वहां दाना डालने आये व्यक्ति की मौत हो गई थी. उसके बाद आमेर के दिल आराम बाग के द्वार पर एक तड़ित चालक लगाया गया था. हालांकि जरुरत तब भी 5 की बताई गई थी लेकिन लगाया एक ही गया था.

सभी स्मारकों पर 30 तड़ित चालकों की जरुरत

अब आमेर महल प्रशासन की ओर से 16 तड़ित चालक की मांग की जाएगी. आमेर के अलावा नाहरगढ़ किला भी काफी ऊंचाई पर है. वहां के अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक के मुताबिक 5 तड़ित चालक की जरुरत है. हालांकि विभाग ने अभी जानकारी सिर्फ नाहरगढ़ और आमेर की मांगी है. जयपुर में हवामहल पर 2 और जंतर मंतर में एक तड़ित चालक पहले से है. लेकिन जंतर मंतर पर एक और तड़ित चालक लगाए जाने की जरूरत है. इसके साथ ही ईसरलाट पर एक और सिसोदिया रानी बाग में भी एक तड़ित चालक लगाए जाने की जरुरत बताई गई है. जयपुर में सभी स्मारकों पर करीब 30 तड़ित चालकों की जरुरत बताई गई है.

Post a Comment

أحدث أقدم