गगन नारंग के सानिध्य में निशानेबाजी की बारीकियां सीखने वाली युवा इलावेनिल वलारिवान ने अपनी निरंतरता के चलते टोक्यो ओलंपिक में जगह बनाई। 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में उन्हें ओलंपिक कोटा प्राप्त कर चुकी अंजुम मौद्गिल की जगह मिली। विश्व में नंबर एक पायदान पर काबिज वलारिवान तमाम टूर्नामेंट में सटीक निशाना लगाने के बाद अब ओलंपिक में भी पदक पर निशाना लगाकर अपना नाम इतिहास में दर्ज कराना चाहेंगी।
अपूर्वी चंदेला करीब एक दशक से 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत की शीर्ष निशानेबाज रही हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों के साथ-साथ ISSF विश्व कप में भारत के लिए पदक जीते हैं। चंदेला का हालिया प्रदर्शन भारत की पदक संभावनाओं के लिए उत्साहजनक संकेत देता है। उन्होंने 2019 में नई दिल्ली और म्यूनिख में ISSF विश्व कप में दो स्वर्ण पदक जीते। इन आयोजनों में उनका स्कोर क्रमशः 252.9 और 251.0 था। नई दिल्ली विश्व कप में चंदेला का स्कोर 252.9 एक विश्व रिकॉर्ड है।
भारतीय निशानेबाज अंजुम मौदगिल चंडीगढ़ शहर की रहने वाली हैं। वह 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में माहिर हैं। हालांकि, टोक्यो ओलंपिक 2020 में, मौदगिल 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन इवेंट और 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में प्रतिस्पर्धा करेंगी। 2018 में, मौदगिल टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्थान पक्का करने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बनीं, जब उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल श्रेणी में चांगवोन में 2018 ISSF विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता।
महज 19 साल की उम्र में सौरभ चौधरी ने आठ विश्व कप स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने जूनियर और सीनियर वर्ग में भी अपने सटीक निशाने से विश्व रिकार्ड अंक हासिल किए थे। विश्व रैंकिंग में हमवतन साथी अभिषेक वर्मा को भी पछाड़ने वाले सौरभ मनु भाकर के साथ भी जोड़ी बनाकर मैदान में उतरेंगे। जो विश्व की शीर्ष मिक्स्ड डबल्स जोड़ी में शामिल हैं। फार्म में नजर आने वाले सौरभ से भी ओलंपिक में गोल्डन निशाने की उम्मीदें हैं।
दिव्यांश सिंह पंवार एक भारतीय 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। उन्होंने 12 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की और जयपुर के जंगपुरा शूटिंग रेंज में शामिल हो गए। 2018 में, दिव्यांश सिंह पंवार ने ISSF जूनियर विश्व कप में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया। दिव्यांश ने शूटिंग की दुनिया में दमदार एंट्री की। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल पुरुषों की टीम में दो स्वर्ण पदक जीते।
ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर पिछले कुछ वर्षों में भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवा राइफल निशानेबाजों में से एक बन गए हैं। युवा खिलाड़ी अपने छोटे से करियर में बड़ा नाम बन गया है। उन्होंने 2019 ISSF जूनियर विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता। 2019 एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में 2 कांस्य पदक भी हासिल किए। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन इवेंट में व्यक्तिगत और टीम दोनों इवेंट जीते। उन्होंने दिल्ली में ISSF विश्व कप में 3 पदक भी जीते। इसमें उन्होंने एक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीता।

एक टिप्पणी भेजें