वल्लभनगर में चतुष्कोणीय मुकाबला, धरियावाद में कांग्रेस-भाजपा में सीधी टक्कर https://ift.tt/2YMX6Hw

https://ift.tt/2YMX6Hw

जयपुर। Rajasthan Assembly ByElection: प्रदेश की वल्लभनगर और धरियावाद विधानसभा सीटों पर उप चुनाव को लेकर प्रचार का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस और भाजपा के साथ साथ जनता सेना और भाजपा के बागी नेता ने भी ताल ठोक रखी है ऐसे में चुनाव बेहद रोचक होने वाला है और चारों उम्मीदवारों ने अपना चुनाव प्रचार शुरु कर दिया है। इसके साथ ही अन्य रणनीति बनाने पर भी काम तेजी से चल रहा है। उपचुनाव में नामांकन जांच और नाम वापसी के बाद कुल 16 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। वल्लभनगर से 9 और धरियावद में 7 उम्मीदवार हैं।

वल्लभनगर में इनके बीच मुकाबला—

वल्लभनगर में चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हो रहा है। इनमें कांग्रेस से प्रीति शक्तावत, भाजपा से हिम्मत सिंह झाला, जनता सेना के रणधीर सिंह भींडर और आरएलपी से उदयलाल डांगी मैदान में है। इनमें डांगी भाजपा के बागी है और वे पहले भाजपा से उम्मीदवार भी रह चुके है। कांग्रेस ने तो दिवंगत विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत की पत्नी को टिकट दिया है ताकि वो सहानुभूति वोट लेकर जीत हासिल कर सके। इसके अलावा भाजपा में परेशानी ये हैं कि जनता सेना के रणधीर सिंह भींडर और बागी उदयलाल डांगी चुनाव में खड़े है। भींडर तो पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे और मात्र ढाई हजार वोट से ही चुनाव हारे थे। भाजपा उम्मीदवार तीसरे स्थान पर था। ऐसे में अब चारों उम्मीदवार पूरी ताकत झोंक रहे है। वल्लभनगर से आरएलपी उम्मीदवार उदयलाल डांगी के समर्थन में रालोपा के संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल चुनावी रणनीति बना रहे है। इसके साथ ही प्रचार में भी जुटे है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग ने बताया कि यह उपचुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण है और इसमें रालोपा की ही जीत होगी।

धरियावाद में सीधी टक्कर—

धरियावाद सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने यहां पर पिछली बार की तरह नगराज मीणा पर ही दांव खेला है और भाजपा ने नए चेहरे खेत सिंह मीणा को टिकट दिया है। भाजपा के बागी नेता बने कन्हैयालाल मीणा ने अब अपना नामांकन वापस ले लिया है। पार्टी ने उन्हें प्रदेश मंत्री बनाया है। ऐसे में अब कांग्रेस और भाजपा के बीच ही टक्कर हो रही है। दोनों उम्मीदवारों ने स्थानीय नेताओं के साथ वोट मांगने शुरू कर दिए है। वे घर घर जाकर जनसंपर्क कर रहे है।

मतदान 30 को, नतीजे 2 को—
दोनों विधानसभाओं में कुल 5 लाख 11 हजार 455 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। वल्लभनगर में 2 लाख 53 हजार 831 व धरियावद में 2 लाख 57 हजार 624 मतदाता मत डाल सकेंगे। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान को लेकर तैयारियां की जा रही है। इसमें कोविड गाइडलाइन से मतदान कराने को कहा गया है।

दो विधायकों का हुआ था निधन—
पिछले विधानसभा चुनावों में वल्लभनगर में कांग्रेस विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत और धरियावाद से भाजपा विधायक गौतमलाल चुने गए थे। दोनों विधायकों का निधन हो गया था। ऐसे में यहां अब उपचुनाव कराए जा रहे है। निर्वाचन विभाग के अनुसार 30 अक्टूबर को दोनों सीटों पर मतदान कराया जाएगा और 2 नवंबर को नतीजे आएंगे। इससे पहले एक अक्टूबर को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई थी। आठ अक्टूबर तक नामांकन भरे गए और 11 अक्टूबर को नामांकन की जांच की गई। कुछ उम्मीदवारों ने 13 अक्टूबर तक नाम वापस लिए थे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3BHTZi2

Post a Comment

أحدث أقدم