जयपुर। राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में 12 दिसंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी महारैली को लेकर कांग्रेस में युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। सत्ता और संगठन लगातार अपने-अपने स्तर पर रैली की तैयारियां कर रहे हैं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जहां लगातार संगठन के नेताओं से चर्चा कर रहे हैं तो वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अपने आवास पर पार्टी के अग्रिम संगठनों की बैठक के ले चुके हैं।
इसी बीच रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश प्रभारी अजय माकन एक बार फिर देर रात जयपुर पहुंचे हैं, जहां वे आज दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंत्री-विधायकों और पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल होंगे।
मंत्रियों से लेंगे जिलों का फीडबैक
वहीं बैठक में प्रदेश प्रभारी अजय माकन तीन दिवसीय दौरे करके जयपुर लौटे प्रभारी मंत्रियों से उनके प्रभार वाले जिलों में रैली की तैयारियों को लेकर फीडबैक लेंगे। इसके अलावा अग्रिम संगठनों के प्रमुखों और विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से भी तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण पर भी होगी बैठक में चर्चा
बताया जा रहा है कि प्रदेश प्रभारी अजय माकन और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंत्री-विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में कोविड संक्रमण को लेकर भी चर्चा करेंगे। साथ ही निर्देश बी देंगे कि रैली में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सेनीटाइजर का पूरा ख्याल रखा जाए। बिना मास्क रैली में नहीं लाया जाएं, इसके अलावा थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही लोगों को रैली में शामिल किया जाए, इसका ख्याल रखने के निर्देश भी मंत्री- विधायक और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे।
रैली के लिए गठित समितियों के साथ भी चर्चा
इधर बताया जा रहा है कि मंत्री-विधायक और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक समाप्त होने के बाद प्रदेश प्रभारी अजय माकन रैली को सफल बनाने के लिए गठित 8 समितियों के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे और तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे। गौरतलब है कि रैली की तैयारियों का फीडबैक लेने के लिए प्रदेश प्रभारी अजय माकन तीसरी बार जयपुर दौरे पर आए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3y9DryI
https://ift.tt/3dqwkYS
एक टिप्पणी भेजें