जयपुर।
भाजपा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत में पलक पांवड़े बिछा दिए। शाह एयरपोर्ट पर करीब एक घंटे देरी से दोपहर 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद केवल एक जगह रुके और सरपट निकलते हुए जेईसीसी पहुंच गए। हालांकि सड़क पर कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण गाड़ी का एकाएक ब्रेक लगने के कारण शाह का सिर गाड़ी के आगे के शीशे से टकरा सा गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने सख्ती करते हुए सभी को साइड कर दिया।
शाह के स्वागत में लोकसंगीत के साथ ही गंगा-जमुनी तहजीब भी देखने को मिली। मांगणिहार, घूमर के साथ कव्वाली और हेल ख्याल गाकर कार्यकर्ताओं ने शाह का स्वागत किया। करीब डेढ़ दर्जन जगहों पर शाह पर फूलों की वर्षा की गई। इस दौरान शाह 51 पंड़ितों के स्वस्ति वाचन वाले पॉइंट पर रुके और पंडितों का अभिवादन किया। पंडितों ने पुष्प वर्षा से उनका स्वागत किया।
जवाहर सर्किल के बाद सरपट दौड़ी गाड़ी
शाह का वाहन एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल तक धीमी गति से चला। यहां सभी जगहों पर शाह की गाड़ी धीमी गति से चली। शाह वाहन के अंदर ही सभी के हाथ जोड़कर आगे बढ़ते रहे। लेकिन जवाहर सर्किल के बाद टोंक रोड पर उनका वाहन सरपट दौड़ा और कुछ ही मिनटों में उनका काफिला जेईसीसी पहुंच गया। इससे कई कार्यकर्ताओं को मायूसी हाथ लगी।
एयरपोर्ट आने वाले यात्री हुए परेशान
शाह के रोड के चलते एयरपोर्ट आने व जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी हुई। शाह की सुरक्षा के चलते यात्रियों को कड़ी निगरानी से गुजरना पड़ा। वहीं जवाहर सर्किल के आसपास सामान्य यातायात भी प्रभावित रहा। यही नहीं भीड़ ज्यादा होने की वजह से कोरोना गाइडलाइन की पालना भी होती नहीं दिखी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3rCLqmH
https://ift.tt/3pMhVML
एक टिप्पणी भेजें