राजस्थान में शीतलहर, पारा जमाव बिंदु पर

जयपुर। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण राजस्थान में शीतलहर शुरू हो गई है और अगले तीन दिन तक शीतलहर की चपेट में रहेगा। उधर, सर्दी बढ़ने के साथ ही सीकर के फतेहपुर का पारा 0.8 डिग्री के साथ जमाव बिंदु पर आ गया है। मौसम विभाग की माने तो रात के तापमान में अभी और गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में शेखावाटी पर सर्दी का असर सबसे ज्यादा दिखाई देगा।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार उत्तरी हवाओं के चिलते राजस्थान में सर्दी का जोर बढ़ेगा और कई इलाके सवेरे-सवेरे धुंध के ढके रह सकते हैं। उधर, शीतलहर शुरू होने से दिनभर सर्द हवाएं चलेंगी और रात के तापमान में और गिरावट होगी। ऐसे में अगले तीन दिन तक न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज होने का अनुमान है। राजस्थान में बुधवार को भी शीतलहर का असर दिखाई देगा, जिसके चलते सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ने के साथ ही जनजीवन प्रभावित हो गया। खास तौर पर झुंझुनूं, सीकर, चूरू और नागौर जिले में शीतलहर का असर शुरू हो गया है और यहां तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो 9 व 10 दिसंबर को पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के दर्जनभर जिलों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा और दिनभर सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ेगी।

यहां रहेगा शीतलहर का जोर

-मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 9 नवंबर को झुंझुनूं, सीकर चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और नागौर जिले में शीतलहर चलने की संभावना है।
-मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 10 नवंबर को झुंझुनूं, सीकर चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और नागौर जिले में शीतलहर चलने की संभावना है।

अगले पखवाड़े कड़ाके की सर्दी

मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं रहेगा, लेकेिन उत्तरी हवाओं के जोर के चलते सर्दी लगातार रंग दिखाएगी। ऐसे में 15 दिसंबर के बाद कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि शेखावाटी सबसे सर्द रहेगा और फतेहपुर का पारा जमाव बिंदु पर आने के साथ अब माइनस में जा सकता है।

इन जिलों में 10 डिग्री के कम तापमान

मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है और वह 10 डिग्री से नीचे चला गया है। इसमें फतेहपुर का तापमान 0.8 डिग्री, भीलवाड़ा 7.7 डिग्री, वनस्थली 9.6 डिग्री, पिलानी 6.7 डिग्री, सीकर 5.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ 9.0, उदयपुर 9.9 डिग्री, बीकानेर 9.1 डिग्री, चूूरू 4.5 डिग्री, श्रीगंगानगर 9.8 डिग्री, नागौर 6.6 डिग्री, अंता-बारां 9.9 डिग्री, हनुमानगढ़ 8.2 डिग्री, सवाईमाधोपुर 8.7 डिग्री और अलवर में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री पहुंच गया है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/337lB3L
https://ift.tt/3EzauhU

Post a Comment

أحدث أقدم