बेरोजगारों ने स्थगित किया आंदोलन
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हुई प्रतिनिधिमंडल की वार्ता
स्कूल व्याख्याता भर्ती में कम किए गए 689 पदों पर चर्चा
रीट भर्ती परीक्षा में विशेष शिक्षा के पदों को जोड़े जाने पर भी हुई वार्ता
सीएम ने दिया युवाओं को राहत देने का आश्वासन
जयपुर।
प्रदेश के बेरोजगार युवाओं की विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के बैनर तले आंदोलनरत महासंघ के प्रतिनिधिमंडल की लंबे इंतजार के बाद रविवार शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात हुई। सीएम से हुई वार्ता के बाद बेरोजगारों ने पिछले 53 दिन से चल रहा आंदोलन स्थगित कर दिया। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सात सदस्यों के साथ सीएम ने वार्ता की। पूर्व बीज निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के साथ 8 सदस्य प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक वार्ता में स्कूल व्याख्याता भर्ती में कम किए गए 689 पदों पर चर्चा के साथ रीट भर्ती परीक्षा में विशेष शिक्षा के पद बढ़ाए जाने, कंप्यूटर अनुदेशक, फस्र्ट ग्रेड, सेकंड ग्रेड, पीटीआई भर्ती निकलवाने, बेरोजगारों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और चिकित्सा विभाग में नई भर्तियां निकलवाने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी गई। यादव के मुताबिक मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि जल्द से जल्द इन सभी मांगों को पूरा करके युवाओं को राहत प्रदान की जाएगी।
दो बार बदला वार्ता का समय
गौरतलब है कि सीएम के साथ हुई इस वार्ता का समय दो बार बदला गया। वार्ता रविवार दोपहर तीन बजे होनी थी लेकिन इसका समय बदलकर शाम पांच बजे किया गया लेकिन पांच बजे भी वार्ता नहीं हो पाई। शाम छह बजे के बाद बेरोजगारों के प्रतिनिधिमंडल की सीएम से मुलाकात हुई।
कल वार्ता में इन मांगों पर बनी थी सहमति
: प्रयोगशाला सहायक भर्ती चिकित्सा विभाग की 7 दिन में सूची जारी करना
: पंचायती राज एलडीसी पंचायतीराज जेईएन भर्ती के मामले में पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ सोमवार को वार्ता
: टेक्निकल हेल्पर भर्ती की विज्ञप्ति भी इसी महीने में जारी करने पर सहमति
: रीट शिक्षक भर्ती 2021 में विशेष शिक्षकों के 5000 पद निकालने की मांग को लेकर अगले सप्ताह में शिक्षा विभाग सामाजिक कल्याण विभाग एवं सीएमओ के अधिकारियों के साथ प्रतिनिधिमंडल की वार्ता पर सहमति
: नर्सिंग भर्ती 2013 और शिक्षक भर्ती 2012 में सरकार ने अभ्यर्थियों का पक्ष रखने का आश्वासन दिया
: रीट शिक्षक भर्ती 2018 मामले में एडवोकेट जनरल से फिजिकली पैरवी कराकर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया का निस्तारण करवाने की सहमति बनी
यह मांगें हो चुकी हैं पूरी
: प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ गैर जमानती कानून लाने के अध्यादेश की घोषणा
: परिचालक भर्ती 2010-11 के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति
: कंप्यूटर भर्ती का सिलेबस जारी
: रेडियोग्राफर लैब टेक्नीशियन भर्ती ईसीजी भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति
: सिविल डिप्लोमा का परिणाम जारी
: वरिष्ठ अध्यापक भर्ती 2018 की नियुक्ति
: वरिष्ठ अध्यापक भर्ती 2016 644 पदों पर वेटिंग सूची की अनुमति स्वीकृत
: राजस्थान पुलिस भर्ती एवं एपीआरओ की विज्ञप्ति जारी
: शिक्षा विभाग में 19000 पदों पर नई भर्तियां निकालने की घोषणा
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3oq4zGf
https://ift.tt/3lEk1No
إرسال تعليق