अरविन्द सिंह शक्तावत
जयपुर।
विधानसभा सत्र से एक दिन पहले भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को विधानसभा की ना पक्ष लॉबी में बुलाई गई। यह बैठक बुलाई तो गई थी सत्ता पक्ष के खिलाफ सदन में एकजुटता दिखाने और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए, लेकिन हो गया एकदम उलटा।
विधायक दल की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया कोटा दौरे पर अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी दे रहे थे। इसी बीच वसुंधरा राजे बोल उठीं और कहा कि आज आप राज्यपाल को ज्ञापन देने चले गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काले झंडे दिखाने पर, लेकिन आप लोग जिला परिषद चुनावों के समय कहां थे जब मेरे पुत्र चार बार के सांसद दुष्यंत सिंह के आवास पर अपने ही कार्यकर्ताओं ने हमला किया, पत्थर फेंके? मैं कहां जाऊं ? पार्टी के अंदर के लोगों की कहां शिकायत करूं ? उस समय आप लोगों ने क्या कार्रवाई की? प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने सफाई देने की कोशिश भी की, लेकिन राजे ने उनकी एक नहीं सुनी और बोलती रहीं। राजे ने एक-एक विधायक से पूछा कि आप बताओ, क्या आपने एक बार भी फोन करके मुझे से या दुष्यंत सिंह से बात की थी? मदन दिलावर ने बीच में कुछ बोलने की कोशिश की तो राजे ने उन्हें भी चुप कराकर बैठा दिया। मामला इतना गरमा-गरमी वाला हो गया कि राजे गुट के एक विधायक ने तो कोटा संभाग के संघ से जुड़े एक विधायक की तरफ इशारा करते हुए ये तक कह दिया कि जिन्होंने हमला किया वो तो आप के ही आदमी थे। विधायकों के बीच छाए सन्नाटे के बाद बैठक खत्म कर दी गई।
राठौड़-कटारिया कहते रहे, लेकिन राजे ने नहीं दिया भाषण
बैठक में गुलाब चंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के भाषण हुए। इसके बाद राठौड़ ने राजे का नाम पुकारा, लेकिन राजे नहीं बोलीं। इसके बाद कटारिया ने कहा कि आप नहीं बोलोगे तो सही मैसेज नहीं जाएगा, लेकिन राजे ने बोलने से मना कर दिया। राजे का गुस्सा निकल कर आया, वो तब जब पूनिया कोटा दौरे की घटना की जानकारी दे रहे थे।
राजे की नाराजगी पर बोलने से किया इनकार
राजस्थान पत्रिका ने इस मामले में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया से भी बात की और वसुंधरा राजे की नाराजगी का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि मैं इस मामले में कुछ नहीं बोलूंगा, जिसने बोला। वो ही ज्यादा जानकारी दे सकते हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3OZfNoC
https://ift.tt/daHZPrM
एक टिप्पणी भेजें