जयपुर। सांगानेर थाने के पास शिव कॉलोनी से निकलकर जाने वाली सड़क को वर्षों से मरम्मत का इंतजार है। जबकि, यह सड़क तीन कॉलोनी को जोड़ती है और रोज हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। सीमा विवाद में ऐसी उलझी कि अब तक सही होने की बारी नहीं आई है। शिव कॉलोनी से शुरू होने वाली सड़क आगे जाकर बैरवा कॉलोनी और आजाद नगर को भी जोड़ती है। ग्रेटर नगर निगम के तीन वार्ड 95, 100 और 105 को जोड़ती है। ये वार्ड बगरू और सांगानेर विधानसभा में आते हैं।
पार्षद बोले
अप्रूव्ड न होने से जेडीए काम कर नहीं रहा। निगम ने सीमित बजट दिया था। अगले वित्तीय वर्ष में इसको करवाएंगे।
—रतन कंवर, पार्षद, वार्ड—95
टेंडर हो चुका है। लेकिन ठेकेदार काम ही नहीं कर रहे। जल्द ही काम पूरा होगा।
—आशा सिंघानिया, पार्षद, वार्ड—105
50 लाख रुपए सिविल वर्क के लिए निगम से मिले थे। सड़कों के काम ज्यादा थे। अगली बार जो बजट मिलेगा, उससे इस सड़क को बनवांएगे।
—राजीव चौधरी, पार्षद, वार्ड—100
काॅलोनी की बसावट को करीब 30 वर्ष हो गए हैं। लेकिन इस सड़क का निर्माण नौ वर्ष पहले पूर्व विधायक घनश्याम तिवारी ने करवाया था। इसके बाद रखरखाव के अभाव में मरम्मत नहीं हुई। इसकी वजह से सड़क पर एक एक फुट के गड्ढे हो गए हैं। रोजाना वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
—ओमप्रकाश माली, शिव कॉलोनी
सड़क मरम्मत के लिए कॉलोनी के लोग पार्षद, विधायक से लेकर सांसद के यहां तक पहुंच चुके, लेकिन सड़क बनने की बारी नहीं आ पाई। सभी जनप्रतिनिधियों को एक से ज्यादा बार लिखित में शिकायत दे चुके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्षद तो क्षेत्राधिकार में न होने की बात कह टाल देते हैं।
—राजकुमार सैनी, आजाद कॉलोनी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/fiUjNv8
https://ift.tt/mg0xYk1
एक टिप्पणी भेजें