जयपुर. बेरोजगारी से जूझ रहे प्रदेश के हजारों युवाओं को कुछ राहत मिली है। चिकित्सा विभाग में 8500 से अधिक पदों पर भर्तियों का पिटारा खुला है। विभाग में 8890 विभिन्न पदों पर संविदा भर्ती की जाएगी। चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने बताया कि प्रबंधकीय संवर्ग के 666, नर्सिग एवं पैरामेडिकल के 4693 और कम्यूनिटी हैल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के 3531 पदों पर यह भर्ती होगी। प्रबंधकीय संवर्ग में राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के कुल 666 संविदा पदों को भरा जाएगा। नर्सिग एवं पैरामेडिकल संवर्ग के 4682 एवं 11 ट्रेनी एनलिस्ट सहित 4693 संविदा पदों पर भर्ती की जाएगी।
कम्यूनिटी हैल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के 3531 नए संविदा पदों की भी भर्ती होगी। सभी भर्तियां कार्मिक विभाग की ओर से जारी नए संविदा नियमों से होगी। वित्त विभाग से सभी पदों के लिए सहमति मिल गई है। जल्द ही संबंधित एजेंसियों की ओर से प्रक्रिया अपनाकर भर्तियां करवाई जाएंगी।
डॉक्टर, नर्सेज की है भारी कमी
प्रदेश के चिकित्सा तंत्र में इस समय सरकारी अस्पतालों में सबसे प्रमुख संवर्ग डॉक्टरी, नर्सेज, तकनीशियनों की भारी कमी है। कम स्टाफ होने के कारण छोटे छोटे कस्बों और गांवों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एक एक डॉक्टर और अन्य स्टाफ के भरोसे काम चलाना पड़ रहा है। विभाग की ओर से जो भर्ती अब निकाली गई है, उनमें से अधिकांश सीधा मरीजों के इलाज पर असर नहीं पड़ेगा। इनमें कई प्रबंधकीय संवर्ग के पद भी हैं। हालांकि नर्सिंग, पैरामेडिकल और सीएचओ की भर्ती से बड़ी राहत बेरोजगारों को मिली है। इस समय डॉक्टरों के करीब 12 हजार स्वीकृत पद हैं। लेकिन यह संख्या नाकाफी है। जिस तरह से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में पिछले 10 सालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। उसे देखते हुए यह संख्या करीब 25 हजार से भी अधिक होने की जरूरत मानी गई है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3OkiS5H
https://ift.tt/VLhZPfH
إرسال تعليق