विकास जैन / जयपुर। विश्व कैंसर दिवस पर शुक्रवार को जयपुर में आयोजित संगोष्ठी में चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने अपने अब तक के अनुभव के आधार पर अनुभवहीन बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि उनके गांव में कई ऐसे लोग हैं, जो दिन में 20-20 बार तंबाकू पीते हैं, लेकिन उनके कभी कैंसर नहीं हुआ। उन्होंने यहां तक कह दिया कि तंबाकू का कैंसर से कोई वास्ता नहीं है।
चिकित्सा मंत्री ने कहा... कैंसर किसी भी कारण से हो सकता है, तंबाकू का कैंसर से कोई लेना देना नहीं है। इधर, कैंसर विशेषज्ञों ने मंत्री के इस बयान को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि तंबाकू कैंसर के सबसे मुख्य कारणों में से एक है।
जल्द पहचान की वैन बढ़ेगी
चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा है कि कैंसर की जल्द पहचान और जल्द उपचार ही इसका बचाव है। उन्होंने अधिकारियों को सभी जिला अस्पतालों में स्थित कैंसर केयर यूनिट में कैंसर की प्रभावी स्क्रीनिंग और जांच करने के निर्देश दिए। मीणा शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कैंसर की जल्द पहचान और उपचार के लिए पंचायत स्तर तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य में कैंसर की जल्द पहचान के लिए गांव गांव तक चलाई जा रही अर्ली डिटेक्शन वैन की संख्या में इजाफा किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्व कैंसर दिवस के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। साथ ही कैंसर क्षेत्र के विशेषज्ञ एवं अनुभवी व्यक्तियों के सुझाव भी लिए गए। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. संदीप जसूजा, डॉ.मोहनलाल मीणा और डॉ.सुरेश सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान चिकित्सा संस्थानों में कैंसर के प्रति जागरुकता लाने संबंधी चार पोस्टरों का भी विमोचन किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/pCP1mjv
https://ift.tt/ghK07lw
إرسال تعليق