साल 1994 में आई हॉलीवुड फिल्म ' द शॉशेंक रिडेंप्शन' की कहानी एक कैदी के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां वह जेल से भागने की तैयारी करता है। हालांकि, उसे बाद में सफलता भी मिलती है, लेकिन पुलिसकर्मियों और सुरक्षा के बीच उसे जेल से निकलने में करीब 20 सालों का वक्त लग जाता है। इसी से मिलती-जुलती कहानी साल 1979 में आई फिल्म 'एस्केप फ्रॉम एल्काट्रॉज' की है। दोनों कहानियों में समानता यह है कि कैदी भागने में तो सफल हो गए, लेकिन उन्हें लंबा समय योजना बनाने और गड्ढा समेत कई कामों में लग गया। अब हाल ही में महाराष्ट्र के पुणे से एक घटना सामने आई है, जहां एक कैदी ने सालों, महीनों या हफ्ते नहीं बल्कि कुछ सेकेंड्स में ही जेल से निकलने में कामयाबी हासिल कर ली। खास बात यह है कि इस कैदी ने न जेल की सलाखें तोड़ी और न ही कोई गड्ढा खोदा। शख्स की इस करामात को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान हो गए थे। अब इस मामले को विस्तार से समझते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला पुणे-नासिक हाईवे पर मौजूद एक जेल का है, जहां चोरी के आरोप में बंद एक कैदी अचानक फरार हो गया। अब जांच में जुटी पुलिस इस बात का अंदाजा नहीं लगा पा रही थी कि आखिर एक कैदी जिसके पास चाबी की पहुंच नहीं है और वह बगैर सलाखों या दीवारों को नुकसान पहुंचाए भाग कैसे गया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने कुछ ही समय में चोर को दोबारा पकड़ा और पुरी गुत्थी सुलझ सकी। दरअसल, चोर ने यहां शeरीरिक बल के बजाए लचीलेपन और दिमाग का इस्तेमाल किया। वह सलाखों के बीच मौजूद दूरी में से आसानी से निकलकर फरार हो गया। जब पुलिस ने चोर को दोबारा पकड़ा, तो उसे पूरी घटना का डेमो देने के लिए कहा गया। इसके बाद चोर ने दिखाया कि वह कैसे आसानी से सलाखों के बीच से निकलने और पुलिस को चकमा देने में सफल हुआ।
إرسال تعليق