बीकानेर. हनुमानगढ़ से बीकानेर आ रहे लोगों की कार और बस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार में सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसा बीछवाल थाना क्षेत्र के हुसंगसर के पास हुआ। हादसे में कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। सूचना पर बीछवाल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को निकलवा कर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
बीछवाल एसएचओ मनोज शर्मा ने बताया कि नागौर के अलावा में धुंधवालों की ढाणी निवासी गणेशाराम (50) पुत्र छगनाराम जाट, गोविंदराम (45) पुत्र ईश्श्वराम जाट सूरतगढ़ से बीकानेर आ रहे थे। हुसंगसर के पास पहुंचे, तब सामने से आई तेज रफ्तार बस ने कार को चपेट में ले लिया, जिससे कार में सवार गणेशाराम व गोविंदराम की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर ड्यूटी ऑफिसर हैडकांस्टेबल रेवंतराम बिजारणिया मय स्टाफ मौके पर पहुंचे।
कार में फंस गए थे शव
हैडकांस्टेबल बिजारणिया ने बताया कि निजी बस बीकानेर से जालंधर शादी समारोह में जा रही थी। जबकि कार सूरतगढ़ की तरफ से आ रही थी। कार ने ओवरटेक किया। तभी सामने से आई तेज रफ्तार बस ने कार को चपेट में ले लिया। कार और बस की टक्कर में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में दोनों शव फंस गए। कार को लोहे के सरिए व पाइपों से तोड़कर शवों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका। मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक गणेशाराम के बेटे गोरधनराम जाट की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दोनों मृतक दोस्त
बिजारणिया ने बताया कि मृतक गणेशाराम व गोविंदराम दोनों दोस्त हैं। वह हनुमानगढ़ किसी काम से गए थे। इनके साथ दूसरी कार में गणेशाराम का बेटा गोरधनराम जाट व भाई कुंभाराम थे। हादसे के समय उनकी गोरधराम व कुंभाराम की कार गणेशाराम की कार के पीछे ही चल रही थी। हादसे के बाद उन्होंने ग्रामीणों से मदद मांग कर दोनों को कार से बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन कार में दोनों फंसने से बाहर नहीं निकल सके।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3UKZvBX
https://ift.tt/dCGhTRc
एक टिप्पणी भेजें