बाबूजी धीरे चलना, राह में जरा संभलना...

जयपुर। जिले के माधोराजपुरा कस्बे से विभिन्न गांवों की ओर जा रही सड़कें क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। कई सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं तो कई अंतिम सांसें गिन रही हैं। सार-संभाल व देखरेख के अभाव में सड़कों की स्थिति बिगड़ रही है। हालात ये हैं कि गड्ढों के कारण वाहन हिचकोले खाते चलते हैं। इससे सवारियों की जान सांसत में बनी रहती है। लोगों ने कहा कि गड्ढों की रोड़ी सड़क पर ही फैली होने से कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं।

जिम्मेदार नहीं कर रहे सुनवाई
स्थानीय लोगों ने कहा कि कई गांव अब भी सड़क मार्ग से वंचित हैं। इससे ग्रामीणों को पैदल आवागमन करना पड़ता है। कस्बे से निवाई की ओर जा रही सड़क तो दुर्घटना का पर्याय ही बन गई है। जानकारी के बावजूद जिम्मेदार अफसर आंख बंद किए हैं।

सड़कों की हालत खस्ता
माधोराजपुरा-निवाई, माधोराजपुरा-चांदमाकलां, माधोराजपुरा से बीची, गोपालपुरा से पीपला, पीपला-मस्ता, मांदी से समेलिया, चांदमाकलां से आनरोटा, चांदमाकलां-चांदमा खुर्द, चांदमाकलां-भानपुरा सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं।

इन गांवों को है इंतजार
माधोराजपुरा से कांटोली, माधोराजपुरा-मंडालिया जोगा तथा नया गांव तक सड़क डामरीकरण नहीं होने से यहां आवागमन के साधनों का भी टोटा है।

यहां अधूरी सड़क से लोग परेशान
राजावास। ग्राम पंचायत राजावास के देवंदो की ढाणी में अधूरी पड़ी सड़क से आमजन परेशान हो रहे हैं। राजावास के देवंदो की ढाणी से निकलने वाला रास्ता श्रवण देवंदा के मकान से नांगल सिरस रोड तक करीब 500 मीटर अधूरी पड़ी सड़क बने तो स्थानीय लोगों व सड़क से निकलने वाले वाहन चालकों को राहत मिले। स्थानीय निवासी हरि देवंदा ने बताया कि पिछले सरपंच के कार्यकाल में राजावास मुख्य गांव से काफी सड़क तो बन गई, लेकिन बची हुई सड़क काफी दिनों से अधूरी पड़ी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/5CxPOc9
https://ift.tt/TUHqRSy

Post a Comment

أحدث أقدم