एक खबर में ही देखें आज के कार्यक्रम, रोज़गार और काम की खबरें | Rajasthan : SK

गहलोत बोले- डिमांड के अनुसार बिजली देना असंभव:कहा- यह राष्ट्रीय संकट, केंद्र राज्यों को कोयला सप्लाई करने में फेल

राजस्थान में बिजली कटौती को लेकर सियासत शुरू हो गई है। वहीं मुख्यमंत्री ने भी डिमांड के बराबर बिजली सप्लाई करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आज बीजेपी के सभी ग्रिड सब स्टेशनों पर बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शनों के बीच केंद्र और भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया है। गहलोत ने केंद्र सरकार पर मांग के हिसाब से राज्यों को कोयला सप्लाई नहीं करने को बिजली संकट का कारण बताया है। गहलोत ने चार ट्वीट करके बिजली संकट पर लोगों से जरूरत के हिसाब से ही बिजली का
म में लेने की अपील भी की है। गहलोत ने लिखा- राजस्थान में प्रदेश भाजपा बिजली घरों पर प्रदर्शन कर इस संकट में चुनौतीपूर्ण काम कर रहे बिजली कर्मचारियों को परेशान कर उन पर दबाव बनाने का काम कर रही है। मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि राज्यों को कोयला उपलब्ध करवाने का काम केंद्र सरकार का है। क्या प्रदेश भाजपा का दिशाहीन नेतृत्व केंद्र सरकार से इस बारे में सवाल पूछेगा कि वो मांग के अनुसार कोयला उपलब्ध करवाने में सक्षम क्यों नहीं हैं, जिसके कारण 16 राज्यों में बिजली कटौती की नौबत आई है?

कोयले की सप्लाई नहीं, यह राष्ट्रीय संकट

गहलोत ने लिखा- देश के 16 राज्यों में बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ी है, इसके अनुरूप कोयले की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण आवश्यकतानुसार बिजली आपूर्ति संभव नहीं है। यह एक राष्ट्रीय संकट है। इस संकट में एकजुट होकर परिस्थितियों को बेहतर करने में सरकार का साथ दें। अपने निवास या कार्यक्षेत्र के गैर-जरूरी बिजली उपकरणों को बंद रखें। अपनी प्राथमिकताएं तय कर बिजली का उपयोग जरूरत के मुताबिक करें।

केंद्र को जिम्मेदार ठहराकर सियासी बहस छेड़ी

कोयला संकट के कारण प्रदेश के कई पावर प्लांट बंद हैं। बिजली की डिमांड और सप्लाई में भारी अंतर होने के कारण गांव और शहरों में लगातार कटौती जारी है। कमी के कारण राजधानी सहित सभी संभाग मुख्यालयों पर एक घंटे, जिलों में दो घंटे, कस्बों में तीन घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 6 घंटे तक की बिजली कटौती की जा रही है। बिजली कटौती के विरोध में बीजेपी गहलोत सरकार पर हमलावर है। इस बीच अब गहलोत ने कोयला संकट के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराकर सियासी बहस छेड़ दी है। बिजली कटौती के मुद्दे पर अब कांग्रेस-बीजेपी के बीच जुबानी जंग शुरू हो चुकी है।






बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष पूनिया बोले-सियासी गैम्बलिंग करते हैं गहलोत:बिजली संकट पर CM और DIPR विभाग के विरोधाभासी बयान,CM की अग्निपरीक्षा

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सियासी गैम्बलिंग करते हैं। उसी का नतीजा है कि राजस्थान में बिजली का मिस मैनेजमेंट हुआ और उसी कारण से बिजली संकट खड़ा हुआ है। गहलोत सवाल खड़े करते हैं कि बिजली संकट कोयले की कमी से पैदा हुआ है। वह राजस्थान सरकार के सूचना और जनसम्पर्क विभाग का 24 अप्रैल का पत्र देख लें, जिसमें कहा गया है कि राजस्थान ने कोयले की सप्लाई सुनिश्चित कर ली है और किसी तरह की किल्लत नहीं है। गहलोत और उनके DIPR विभाग के बयान विरोधाभासी है। उन्होंने कहा बिजली संकट के लिए केवल अशोक गहलोत की खुदकी सरकार जिम्मेदार है।

मुखिया के लिए बिजली संकट से निजात दिलाने की अग्नि परीक्षा

बिजली किल्लत पर सीएम अशोक गहलोत की ओर से बीजेपी नेतृत्व को दिशा हीन बताने और 16 राज्यों में बिजली कटौती के लिए केन्द्र सरकार से सवाल पूछने की नसीहत देने पर बीजेपी ने पलटवार किया है। पूनिया ने कहा मैंने मुख्यमंत्री का वह ट्वीट देखा जिसमें उन्होंने प्रदेश बीजेपी के बिजलीघरों पर प्रदर्शन को यह कहते हुए चुनौती दी है कि बीजेपी कर्मचारियों पर दबाव बना रही है। गहलोत बार-बार यह कहते थे कि विपक्ष की भूमिका क्या है। जब हम प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें ऐतराज होता है। उन्होंने कहा जन घोषणा पत्र में पूरी बिजली देने की बात लिखने वाली सरकार के मुखिया लिए भीषण गर्मी में राजस्थान के लोगों को बिजली संकट से निजात दिलाने की अग्नि परीक्षा है।

2 साल का पीरियड तो कोरोना की मेहरबानी से निकला

पूनिया ने कहा- गहलोत के सवा 3 साल के कार्यकाल में 2 साल का पीरियड तो कोरोना की मेहरबानी से निकल गया। तब लोग सड़कों पर नहीं थे। अब वह सड़कों पर उतर रहे हैं तो उन्हें ऐतराज हो रहा है। पूनिया ने कहा- केन्द्र को कोसने के अलावा सीएम ने कभी धरातल पर काम नहीं किया है। तमाम योजनाओं को प्राथमिकता से लागू नहीं किया। प्रदेश की आम जनता और स्टूडेंट परीक्षा के मौके पर बिजली कटौती से परेशान हैं।







जयपुर में डेयरी बूथ में जिंदा जला मालिक:नींद टूटी तो आग से घिरा था, जान बचाने को चिल्लाता रहा

जयपुर में सरस डेयरी बूथ में गुरुवार रात आग लग गई। आग से बूथ के अंदर सो रहे एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतक के बेटे ने डेयरी बूथ के सामने रहने वाले रिटायर्ड ASP राहुल वशिष्ठ पर आग लगाकर उसके पिता को मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए है। मामला मालवीय नगर इलाके का है। SHO मालवीय नगर धर्मराज चौधरी ने बताया कि मृतक शिव चरित्र शाह (45) मूलत: बिहार का रहने वाला है। करीब एक महीने पहले ही सेक्टर-3 मालवीय नगर में सरस डेयरी बूथ लिया था। बेटे लक्ष्मण के साथ शिव चरित्र डेयरी बूथ को चलाता था। दोनों बाप-बेटे बूथ में ही सो जाते थे। गुरुवार रात बाप-बेटे बूथ में सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे लक्ष्मण के पास उसके दोस्त का कॉल आया। दोस्त के यहां खाना खाने के लिए वह पिता शिव चरित्र को डेयरी बूथ में सोता छोड़कर चला गया। उसके जाने के कुछ देर बाद करीब सवा एक बजे बूथ में आग लग गई।

नींद खुली तो आग की लपटों से घिरा पाया

डेयरी में आग लगने से अंदर सो रहे शिव चरित्र की नींद खुल गई। बूथ में आग की भीषण लपटों से बचने के लिए शिव चरित्र चिल्लाता रहा। बाहर से गेट की कुंदी लगी होने के कारण वह अपने आप को बचा नहीं सका। जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आग लगने की सूचना पर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शुक्रवार सुबह FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। FSL रिपोर्ट पर ही आग लगने के कारण का पता चल सकेगा।

मृतक का बेटा बोला- रिटायर्ड ASP ने धमकाया था

मृतक के बेटे लक्ष्मण ने पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड ASP राहुल वशिष्ठ पर आरोप लगाया है। उसने बताया डेयरी के सामने ही रिटायर्ड ASP रहते हैं। शाम करीब 6 बजे वशिष्ठ डेयरी पर आए थे। डेयरी के बाहर लगे थड़ी-ठेलों को उल्टा कर दिया था। धमकाया कि रात 8 बजे डेयरी बंद कर देना नहीं तो आग लगा दूंगा। आरोप है कि रिटायर्ड ASP ने पेट्रोल छिड़ककर डेयरी में आग लगाई है। अंदर पिता को मारने के लिए बाहर से कुंदी भी लगा दी।







राजस्थान में 3 मई को आंधी-बारिश की संभावना:अजमेर में 63 साल बाद अप्रैल का सबसे गर्म दिन; 2 मई तक बढ़ेगा पारा

राजस्थान में तेज गर्मी और बिजली कटौती ने लोग परेशान हो गए हैं। गुरुवार को राज्य के 11 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। ख्वाजा नगरी अजमेर में बीते 63 साल में अप्रैल का सबसे गर्म दिन रहा। जहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर रिकॉर्ड हुआ। जो इस गर्मी के सीजन की सबसे गर्म रात रही। मौसम केन्द्र जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा की माने तो हीट वेव की स्थिति अगले 3 दिन बने रहने की संभावना है। आखातीज से प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा। तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। जयपुर मौसम केंद्र से जारी रिपोर्ट को देखें तो अजमेर में साल 1958 में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो अप्रैल महीने का सबसे गर्म दिन था। इसके बाद कल अजमेर में तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो इसके बाद सबसे ज्यादा तापमान है। उदयपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में कल दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा। अलवर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, धौलपुर, बारां, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, बांसवाड़ा और करौली में कल दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। धौलपुर कल सबसे गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सबसे गर्म रात जयपुर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

2 मई तक तापमान में हो सकती है और बढ़ोतरी

जयपुर मौसम केन्द्र से जारी फोरकास्ट के मुताबिक आज बीकानेर, जोधपुर और अजमेर संभाग के कई जिलों में सरफेस पर हीटवेव चलेगी। गंगानगर, बीकानेर, बाड़मेर, चूरू, जोधपुर, श्रीगंगानगर, जालोर, पाली, नागौर जिलों के लिए मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 अप्रैल को अजमेर, बीकानेर, बाड़मेर, नागौर, जोधपुर और पाली जिलों में 50 किलोमीटर की स्पीड से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 मई तक राज्य के कुछ शहरों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

3 मई से एक्टिव होगा वेर्स्टन डिर्स्टबेंस

3 मई से एक स्ट्रांग वेस्टर्न डिर्स्टबेंस राजस्थान के नॉर्दन और वेस्ट-नॉर्दन एरिया में सक्रिय होगा। इस वेर्स्टन डिर्स्टबेंस से 3 व 4 मई को बीकानेर, जोधपुर और कहीं-कहीं जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इस दौरान गंगानगर, बीकानेर, चूरू, नागौर, जोधपुर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ जिलों में बारिश भी हाे सकती है। इससे गर्मी से लोगों को काफी राहत मिलेगी और हीटवेव भी अगले कुछ दिनों के लिए रूक जाएगी।







15 की उम्र में कैंसर, बने मिस्टर इंडिया:पैरालाइज्ड आनंद जयपुर में कराएंगे दुनिया की पहली व्हीलचेयर बॉडी बिल्डिंग चैम्पियनशिप

राजस्थान में देश की पहली व्हीलचेयर बॉडी बिल्डिंग चैम्पियनशिप होने जा रही है। इंडिया के पहले व्हीलचेयर बॉडी बिल्डर और कैंसर सरवाइवर आनंद अर्नाल्ड बड़े लेवल पर बॉडी बिल्डिंग चैम्पियनशिप करवाने जा रहे हैं। जयपुर में 11 और 12 जून को यह चैम्पियनशिप प्रताप नगर के निर्मला ऑडिटोरियम में होगी। इसमें देशभर के 500 व्हीलचेयर बॉडी बिल्डर जुटेंगे। मिस्टर ओलम्पिया-मिस्टर इंडिया आनंद अर्नोल्ड और उनकी टीम विजेताओं को करीब 25 लाख रुपए के खिताब देगी। चैम्पियनशिप की पोस्टर लॉन्चिंग के लिए आए आनंद अर्नोल्ड ने इस दौरान भास्कर के साथ खास बातचीत की। नाबालिग अवस्था में ही कमर से नीचे की पूरी बॉडी लकवाग्रस्त हो जाने के बावजूद जिंदगी से हिम्मत नहीं हारी। व्हील चेयर पर ही एक्सरसाइज और बॉडी बिल्डिंग करते-करते एक के बाद एक खिताब जीतते गए। आज 34 साल के आनंद दुनियाभर में प्रतिष्ठित मिस्टर ओलंपिया में वेटलिफ्टिंग में सिल्वर और आर्म रेसलिंग कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल कर देश का नाम रोशन कर चुके हैं। इसके साथ ही कई बार मिस्टर इंडिया, मिस्टर नॉर्थ इंडिया, मिस्टर पंजाब ओवरऑल जैसे 28 खिताबों के विजेता भी हैं।

फीमेल और मेल, दोनों कैटेगरी में मौका

आनंद आर्नोल्ड ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि भारत में राजस्थान की राजधानी जयपुर में यह दुनिया का पहला ऐसा कॉम्पिटिशन होने जा रहा है, जो व्हीलचेयर बॉडी बिल्डिंग के टाइटल पर होगा। इसके साथ ही फीमेल और मेल कैटेगरी में अलग से भी कॉम्पिटिशन होंगे। आज तक ऐसा कॉम्पिटिशन पहले कभी कहीं भी नहीं हुआ। जयपुर में उनके साथी अरुण चौधरी इसे अरेंज कर रहे हैं। आनंद ने कहा मैं लकी हूं कि मेरे पास बहुत अच्छी टीम है।

शॉर्टकट यूज करने वालों स्पोर्ट्स लाइफ भी होती है शॉर्ट

आनंद अर्नोल्ड का नाम हॉलीवुड एक्टर और बॉडीबिल्डर अर्नाल्ड श्वाजनेगर से मिलती जुलती बॉडी के कारण आर्नोल्ड पड़ा है। उन्होंने राजस्थान के यूथ को मैसेज देते हुए कहा कि बॉडी बिल्डिंग में शॉर्ट कट्स की तरफ नहीं भागें। शॉर्ट कट से उनकी स्पोर्ट्स लाइफ भी शॉर्ट हो जाती है। 23-24 साल बॉडी बिल्डिंग कर रहे आनंद ने कहा कि वे आने वाले 10 साल तक और कॉम्पिटीशन खेलने के काबिल हैं। आनंद ने कहा कि बॉडी बिल्डिंग एक लाइफस्टाइल है। हमेशा हमें अच्छी डाइट पर ध्यान देना चाहिए। सही वर्कआउट करना चाहिए। हैवी वर्क आउट इसलिए नहीं करना चाहिए, क्योंकि उससे इंजरी होती हैं। हर चीज की एक लिमिट होती है। बॉडी बिल्डर्स को हमेशा जंक फूड और अल्कोहल से दूर रहना चाहिए।

15 की उम्र में हुई स्पाइन कैंसर सर्जरी, नीचे की आधी बॉडी लकवाग्रस्त

बॉडी बिल्डिंग फील्ड में आने का अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि मेरे पिता इंडियन एयरफोर्स में और ताऊजी इंडियन हॉकी टीम में कप्तान थे। घर में देशसेवा और स्पोर्ट्स का माहौल था। बड़ा भाई भी बॉडी बिल्डिंग में स्टेट चैम्पियन था, मैं उन्हें असिस्ट करता था। 11 साल की उम्र से ही मुझे बॉडी बिल्डिंग का शौक लगा। फिर मैंने 13 साल की उम्र में मिस्टर लुधियाना पंजाब का पहला खिताब जीता, लेकिन 15 वर्ष की कम उम्र में ही स्पाइनल कैंसर का पता चला। जिसने झकझोर कर रख दिया। डॉक्टर्स ने कैंसर के फैलाव को रोकने के लिए तुरंत ऑपरेशन की जरूरत बताई। इस ऑपरेशन के बाद शरीर के नीचे के हिस्से में लकवा मार गया। इसके बाद 3 साल डिप्रेशन में बेड पर गुजारने पड़े। लेकिन हिम्मत नहीं हारी। फिजियोथेरेपी जारी थी, इससे फिर शरीर में कुछ ताकत आई तो व्हीलचेयर पर बॉडी फिटनेस की ट्रेनिंग शुरू कर दी। कड़ी मेहनत के बाद अपनी बॉडी को इस कदर तराशा कि युवा बॉडी और मसल्स को देख कर दंग रह जाते हैं। युवाओं को यह मैसेज है कि अपनी बीमारी को कमजोरी नहीं बनने दें।

फिटनेस ट्रेनर के साथ मोटिवेशनल स्पीकर भी

आनंद अर्नोल्ड ने बताया कि वे विदेशों में आज मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में जाते हैं। लगभग पूरा अमेरिका घूम चुके हैं। वहां भी अच्छी फैन फॉलोइंग है। हाल ही में जयपुर में भी एक कंसर्ट में आया था। वहां लोगों को अपनी लाइफ की जर्नी और नेगेटिव पॉइंट्स पर कामयाबी हासिल की इन्हें शेयर करता हूं।








चाचा ने 12 साल की भतीजी से किया रेप:आठ महीने से कर रहा था दुष्कर्म, परेशान होकर परिवार को बताया

बीकानेर में चाचा के भतीजी के साथ रेप करने का एक मामला सामने आया है। घटना सेरुणा थाने की है। आरोप है कि एक युवक पिछले सात-आठ महीने से दुष्कर्म कर रहा था। चाचा ज्यादा परेशान करने लगा तो नाबालिग लड़की ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अब सेरुणा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। थानाधिकारी रामचंद्र ढाका ने बताया कि पूनरासर गांव में 12 वर्षीय बालिका के साथ दूर के रिश्ते के चाचा ने दुष्कर्म किया है। करीब 8 माह पहले बालिका गांव की गोचर- बीहड़ में अपनी गायें चराने गई हुई थी। उसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी भी दी। बालिका डर गई और किसी को नहीं बता पाई। इससे आरोपी की हिम्मत बढ़ गई। बालिका के साथ बार बार दुष्कर्म करता रहा। ये सिलसिला पिछले आठ महीने से लगातार चल रहा था। पीड़िता के लगातार विरोध के बाद भी आरोपी नहीं माना तो उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवाया है। थानाधिकारी रामचंद्र ढाका ने बताया कि बालिका का मेडिकल करवाया गया एवं 164 के तहत बयान करवाए जा रहे है। उधर, पुलिस दुष्कर्म के आरोपी चाचा को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।





भाजपा नेताओं ने चीफ इंजीनियर को ऑफिस से बाहर निकाला:टेबल पर लगा कांच तोड़ा, ऑफिस में जमकर हुआ हंगामा

राजस्थान में बिजली संकट के चलते कटौती शुरू होने के साथ ही राजनीति का पारा भी चढ़ गया है। भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को यहां जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के चीफ इंजीनियर ऑफिस पर हंगामा किया। टेबल पर लगा कांच तोड़ दिया। चीफ इंजीनियर को जबरन कमरे से बाहर धूप में लाया गया। मजे की बात है कि इस दौरान ऑफिस के किसी कर्मचारी या अधिकारी ने बीच बचाव नहीं किया।\ भाजपा नेताओं ने आज सुबह साढ़े दस बजे प्रदर्शन का निर्णय किया था। जयपुर रोड पर स्थित ऑफिस पर तय समय से कुछ देरी से भाजपा नेता पहुंचने शुरू हो गए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने "बिजली पानी दे ना सके, वो सरकार निकम्मी है" के नारे लगाते हुए ऑफिस में प्रदेश किया। यहां कुछ चीफ इंजीनियर एम.एल. मीणा के साथ शुरू से ही तल्खी से बातचीत की। मीणा कुछ समझाने का प्रयास करते, इससे पहले भाजपा नेता नाराज हो गए। भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि आला अधिकारी आम आदमी की समस्या को समझने के लिए कोशिश ही नहीं कर रहे हैं। गांव में बैठा किसान हो या फिर शहर में मजदूरी कर रहा आम आदमी हो, हर कोई बिजली कटौती से परेशान है। इस दौरान मीणा ने बिजली की कमी के बारे में जानकारी दी लेकिन नाराज भाजपा समर्थक विरोध करते रहे। इस दौरान मीणा की टेबल पर लगा कांच भी तोड़ दिया गया। जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप के अलावा युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष वेद व्यास, मोहन सुराणा, अविनाश जोशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता चीफ इंजीनियर के ऑफिस में पहुंच गए। बातचीत के दौरान ही वेद व्यास ने चीफ इंजीनियर से बाहर धूप में चलने के लिए कहा, ताकि गर्मी का अहसास हो सके। बाद में अविनाश जोशी और मोहन सुराणा भी इन्हें बाहर ले गए। जहां धूप में खड़ा रखा और बाद में ज्ञापन दिया। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भारी बिजली संकट होने के बाद भी कांग्रेस सरकार इस पर कदम नहीं उठा रही है, बल्कि जनता पर बिजली कटौती थोप दी है। जिससे हर तरह से नुकसान हो रहा है।

+





चित्रकारों ने मन मोहा:बीकानेर स्थापना दिवस पर चित्रों और उस्ता कला पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी प्रारंभ

बीकानेर नगर के 535वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, नगर विकास न्यास और राव बीकाजी संस्थान द्वारा आयोजित चित्रकारों और उस्ता कला पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार को अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ए. एच. गौरी, वरिष्ठ चित्रकार महावीर स्वामी और पेंटर कलाश्री ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने कहा कि यहां के अनेक चित्रकारों ने देश और विदेश में बीकानेर को नई पहचान दिलाई है। युवा पीढ़ी भी इस कला को सीखने के लिए आगे आए। उन्होंने बीकानेर की कला, संस्कृति, साहित्य और परंपराओं को देशभर के लिए मिसाल बताया तथा कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन इन कलाकृतियों से रूबरू हो सकेंगे। प्रदर्शनी संयोजक डॉ. मोहम्मद फारूक ने बताया कि प्रदर्शनी 1 मई तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। उन्होंने आगंतुकों का आभार जताया। संचालन संजय पुरोहित ने किया।

इन कलाकारों की रही भागीदारी

इस दौरान डॉ. मोना सरदार डूडी की कुरेचन कला, धर्मा स्वामी की मॉडर्न आर्ट, राम कुमार भादाणी की बीकानेर की सुनहरी कलम उस्ता आर्ट, कमल किशोर जोशी की कीकैंटेम्परी रियलीजम, आकाश स्वामी के हाईपर रियल स्टिक पेंसिल स्केच, गणेश रंगा की बीकानेर संस्कृति व मंडला आर्ट, प्रिया मारू की कैंटेम्परी आर्ट, मुस्कान नाहटा की पेपर क्विलिंग, रवि उपाध्याय की क्रिएटिव बुल्फ, मिठू मेहरा की पीपल आर्ट, चारु सामसुखा का वस्तु चित्रण, संगीता के ग्राफीक स्केच, फरा मुगल की क्रिएटिव कम्पोजीशन स्केच, भरत जोईया के ओल्ड पोट्रेट और नवीन आचार्य की उस्ता आर्ट आदि का प्रदर्शन किया गया।

'अभिलेखों में बीकानेर' गोष्ठी शनिवार को

राव बीकाजी संस्थान के कार्यक्रमों की श्रंखला में शनिवार सायं 5 बजे राजस्थान राज्य अभिलेखागार में 'अभिलेखों में बीकानेर' विषयक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके मुख्य वक्ता डॉ. महेंद्र खड़गावत होंगे। अतिथि के रूप में प्रो. भंवर भादाणी और इतिहासकार डॉ. शिव कुमार भनोत मौजूद रहेंगे। रामलाल सोलंकी इस कार्यक्रम के संयोजक होंगे।

कवि सम्मेलन एवं मुशायरा

इसी श्रंखला में 1 मई को कवि सम्मेलन एवं मुशायरा 'शब्द महफिल' का आयोजन सूरसागर प्लाजा में सायं 7 बजे होगा। इसके संयोजक मोहम्मद इरशाद होंगे। मुख्य कार्यक्रम 2 मई को प्रातः 7 बजे राव बीकाजी प्रतिमा स्थल पर होगा। इस दौरान संस्थान अध्यक्ष डॉ गिरजा शंकर शर्मा, महामंत्री डॉ. विद्यासागर आचार्य, प्रह्लाद सिंह मार्शल, नरेंद्र सिंह स्याणि, आत्माराम भाटी, अभिषेक आचार्य आदि मौजूद रहे।





पोक्सो कोर्ट से पहली बार 2 रेपिस्ट को फांसी:15 साल की बच्ची की हत्या के बाद भी दुष्कर्म करते रहे हैवान

बूंदी की पोक्सो कोर्ट ने नाबालिग का गैंगरेप और हत्या करने वाले दो आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई है। जज बाल कृष्ण मिश्र ने आरोपी सुल्तान भील (27) और छोटू लाल (62) पर 1 लाख 20 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर महावीर सिंह किशनावत का दावा है कि राजस्थान ही नहीं, देश का यह पहला मामला है, जब पोक्सो कोर्ट ने एक साथ, एक ही केस में दो लोगों को फांसी की सजा सुनाई है। मामले में 17 साल का एक नाबालिग आरोपी है। फिलहाल उसका केस बाल न्यायालय (जेजे कोर्ट) में चल रहा है आरोपियों ने 15 साल की किशोरी की हत्या करने के बाद लाश के साथ रेप किया। शरीर पर 19 जगह निशान मिले थे। बूंदी के इस हिला देने वाले मामले में पुलिस ने सिर्फ 14 दिन में चालान पेश कर दिया था। इस घिनौनी वारदात की जांच-पड़ताल के आधार पर पुलिस ने 100 पन्नों की चार्जशीट में बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की कहानी लिखी थी।

यह है मामला

23 दिसंबर 2021 को बूंदी जिले के बसोली थाना क्षेत्र के काला कुआं के पास जंगल में 15 साल की किशोरी बकरियां चराने गई। इस दौरान गांव के जमाई सुल्तान भील (27) और छोटू लाल (62) ने उसके साथ रेप किया और उसकी हत्या कर दी। इन दरिंदों ने बच्ची को दांतों से जगह-जगह बुरी तरह से काटा, नाखूनों से नोंचा और फिर चुन्नी से गला दबा दिया। यही नहीं, दोनों हैवान बन गए और बच्ची के दम तोड़ने के बाद भी दुष्कर्म करते रहे। मामला सामने आने पर 10 थानों की पुलिस ने 12 घंटे में आरोपियों को पकड़ा था। पुलिस ने 6 जनवरी, 2022 को कोर्ट में चालान पेश किया था।






श्रीडूंगरगढ़ में जल संकट:पीने का पानी नहीं मिलने से नाराज लोगों ने जलदाय विभाग की टंकी पर किया प्रदर्शन

श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में पेयजल की किल्लत और कुप्रबंधन को लेकर वार्ड पार्षदों और कस्बेवासियों ने जलदाय विभाग का घेराव किया। पिछले लंबे समय से क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या है। घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है, वहीं गांवों में भी पानी के लिए दूर तक भटकना पड़ रहा है। ऐसे में नाराज ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के साथ सरकार और प्रशासन पर नकारेपन का आरोप लगाते हुए नारे लगाए गए। इस दौरान कस्बे के विभिन्न वार्डों के पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने घूम चक्कर रोड स्थित जलदाय विभाग के टंकी और जलदाय विभाग के कार्यालय पर हल्ला बोला। विभाग के जेईएन प्रीतमसिंह को ज्ञापन सौंपा गया। शीघ्रातिशीघ्र जल समस्या के निवारण की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते जलापूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के कुछ एरिया में तो पानी की भारी समस्या है। यहां नल में भी पानी कुछ देर बाद बंद हो जाता है। इस अवसर पर हेमराज भादानी, शायमसुन्दर पारीक, गोपाल प्रजापत, अरुण पारीक, रज्जत आसोपा, भरत सुथार, विक्रमसिंह, भवानीशंकर तावनियाँ, महेंद्रसिंह सहित अनेक कस्बेवासी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आसपास के गांवों में भी अब पानी के लिए आंदोलन की स्थिति बन रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم