विएंटाइन. दक्षिण पूर्वी एशियाई देश लाओस में शोधकर्ताओं को करीब 1.30 लाख साल पुराना दांत मिला है। इसे युवती का बताया गया है। शोधकर्ताओं का मानना है कि यह युवती डेनिसोवंस थी। डेनिसोवंस मानव की विलुप्त प्रजाति है, जो साइबेरिया से दक्षिण पूर्व एशिया तक फैली हुई थी। इस प्रजाति की पहचान 2010 में हुई थी। यह दांत डेनिसोवंस का पहला जीवाश्म है। इसकी मदद से आदि मानव के विकास के रहस्य सुलझ सकते हैं। इससे पहले रूस के साइबेरिया की अल्टाई पहाड़ियों में डेनिसोवंस कालीन गुफा मिली थी। हालांकि जेनेटिक साक्ष्य इस प्रजाति को फिलीपीन्स, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया से जोड़ते हैं। ताजा शोध नेचर जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
शोध के लेखक क्लेमेंट जानोल्ली का कहना है कि खोजे गए दांत से इस धारणा को बल मिला है कि डेनिसोवंस का संबंध संभवत: दक्षिण पूर्वी एशिया से है। यह दांत किसी इंसान के 'ब्लैक बॉक्स' की तरह है। इसके अंदर जीवन और बायोलॉजी से जुड़ी कई सूचनाएं छिपी हैं। शोधकर्ताओं ने इस दांत की तुलना अन्य आदिम इंसानों के दांतों से की और पाया कि यह होमोसेपिएंस से मेल नहीं खाता। यह तिब्बत के शियाहे काउंटी में मिली जबड़े की हड्डी के काफी करीब है। दांत के इनैमल में मिले प्रोटीन की जांच से पता चला कि यह किसी युवती का है।
पशुओं की तीन हडि्डयां भी मिलीं
पुरातत्वविदों के मुताबिक दांत लाओस की राजधानी विएंटाइन से 260 किलोमीटर दूर कोबरा गुफा में मिला। वहां 2018 में खुदाई शुरू हुई थी। खुदाई में गुफा की एक परत में पशुओं की तीन हडि्डयां भी मिली हैं। नेचर जर्नल में प्रकाशित शोध में अनुमान लगाया गया है कि यह दांत 1,31,000 से लेकर 1,64,000 साल पुराना है। पुरातत्वविद दांत का इस्तेमाल विभिन्न प्रजातियों में अंतर बताने के लिए करते रहे हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि हमारे लिए दांत बहुत अच्छे जीवाश्म साबित हुए हैं।
आधुनिक इंसानों में भी डेनिसोवंस के डीएनए
शोधकर्ताओं के मुताबिक कुछ आधुनिक इंसानों में भी डेनिसोवंस के डीएनए पाए गए हैं। माना जाता है कि होमोसेपिएंस प्राचीन काल में डेनिसोवंस के संपर्क में आए थे। एक शोधकर्ता ने कहा, हम वर्तमान जेनेटिक डेटा का इस्तेमाल कर मानव के इतिहास में झांक सकते हैं। डेनिसोवंस की हडि्डयां गुलाबी रंग की थीं। उनके मुंह में तीन दांत और निचला जबड़ा होता था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/YpgviMT
https://ift.tt/IHwfTVa
एक टिप्पणी भेजें