पहले दिन 9 हजार ने दी परीक्षा, 5000 नहीं आए परीक्षा केन्द्र

सिपाही बनने का सपना लेकर शुक्रवार को हजारों युवा राजस्थान पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने पहुंचे। संभाग मुख्यालय पर बने 12 परीक्षा केन्द्रों दो पारी परीक्षा में 8 हजार 956 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। पहले दिन दोनों पारियों में पांच हजार अभ्यर्थी अनुपिस्थत रहे। रीट, पटवार एवं उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में नकल के मामले सामने आने से सिपाही भर्ती परीक्षा में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी चौकस रहे। पुलिस अधीक्षक योगेश यादव, एएसपी सिटी अमित कुमार बुड़ानिया ने सभी केन्द्रों का निरीक्षण किया।

एएसपी बुड़ानिया ने बताया कि का सिपाही भर्ती परीक्षा की पहली पारी सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े 12 बजे तक चली। पहली पारी में 6984 अभ्यर्थियों में से 4517 परीक्षा में बैठे। 2467 परीक्षार्थी अनुपिस्थत रहे। दूसरी पारी दोपहर तीन से साढ़े पांच बजे तक चली। इसमें 6972 अभ्यर्थियों में से 4439 ने परीक्षा दी। 2533 अभ्यर्थी अनुपिस्थत रहे।

20 मिनट देरी, रह गया परीक्षा से वंचित

सिपाही भर्ती परीक्षा की पहली पारी में सुबह आठ से साढ़े आठ बजे तक ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया था। तय समय के बाद पहुंचने वाले परीक्षार्थियां को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया गया। सार्दुल सीनियर हायर सैकंडरी स्कूल में 20 मिनट देरी से पहुंचने के चलते एक अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गया।

 

लू व धूप ने युवाओं का छकाया

पुलिस भर्ती में आए युवाओं को धूप-लू ने खूब छकाया। परीक्षा केन्द्रों के आस-पास परीक्षार्थी छांव तलाशते रहे। चिलचिलाती धूप में युवाओं ने पेड़ों के नीचे तो कईयों ने नजदीक दुकान, रेस्टोरेंट व अन्य जगहों पर आश्रय लिया। गर्मी के कारण युवाओं को खासा परेशानी उठानी पड़ी।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/9elpbAH

https://ift.tt/uF71cU3

Post a Comment

أحدث أقدم