किराए के विमान से AAP का प्रचार गुजरात गए थे भगवंत मान, अब पंजाब सरकार भरेगी लाखों का हवाई बिल

दिल्ली और पंजाब जीतने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने बाकी राज्यों में भी अपना विस्तार करने की ठान ली है। इसके लिए पार्टी को पैसे चाहिए और इन पैसों का इंतजाम कैसे हो, इसके लिए सार्वजनिक और निजी खर्च की लक्ष्मण रेखा को पार्टी द्वारा भुला दिया गया है।
जी हाँ, आगामी दिनों में देश के कई हिस्सों में चुनाव हैं और इन चुनावों को लड़ने के लिए आम आदमी पार्टी को सार्वजनिक धन का अपव्यय करने में अब कोई गुरेज नहीं होगा। देश के दूसरे हिस्सों में अपना विस्तार करने के लिए पार्टी द्वारा खुल्लम खुल्ला सरकारी पैसों का भी खूब इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी एक मिसाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी के प्रचार के लिए 1-3 अप्रैल के बीच गुजरात का दौरा किया था, जिसके लिए पंजाब सरकार की ओर से एक विमान किराए पर लिया गया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ इस दौरे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गए हुए थे। आप पार्टी के शुभचिंतकों को ये जानकर हैरानी होगी कि मुख्यमंत्री के इस दौरे पर ले जाए गए विमान का बिल करीब 44.85 लाख रुपए आया है, जिसकों भुगतान के लिए अब पंजाब सरकार के पास भेजा गया है और इसका भुगतान भी पंजाब की सरकार की ओर से ही किया जाना तय माना जा रहा नहै।

पंजाब के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आरटीआई में दी जानकारी

बठिंडा निवासी हरमिलाप सिंह ग्रेवाल ने पंजाब सरकार से आरटीआई के जरिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के गुजरात और हिमाचल के दौरों पर हुए खर्च को लेकर जानकारी मांगी थी, जिसका जवाब देते हुए पंजाब के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि “मुख्यमंत्री भगवंत मान के 1-3 अप्रैल के बीच हुए गुजरात दौरे के लिए किराए पर लिए गए विमान का 44,85,967 रुपए का बिल आया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस आशय की खबर ट्वीट की है।

नहीं दी हिमाचल प्रदेश के दौरे पर खर्च की जानकारी

गुजरात के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान 6 अप्रैल को पंजाब से सटे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश भी दौरे पर गए थे। इस दौरे की आरटीआई में जानकारी मांगी गई थी लेकिन फिलहाल इस बारे में कोई भी सूचना नहीं दी गई है। हिमाचल प्रदेश के दौरे पर खर्च की जानकारी अब तक नहीं मिली है।

आप का प्रचार करने गए थे, जनहित के लिए नहीं

आलोचकों का कहना है कि जब कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री थे तो भगवंत मान उनका दूसरे राज्यों में हेलीकॉप्टर से जाने को लेकर मजाक उड़ाया करते थे लेकिन अब वह किराए पर विमान लेकर जा रहे हैं। आगे कहा कि हिमाचल और गुजरात के दौरे पूरी तरह से आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए थे इनका पंजाब के लाभ से कोई संबंध नहीं है।


हिमाचल, गुजरात में इस साल के आखिर में होने हैं चुनाव

बता दें, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के लिए चुनौती पेश करना चाहती है और इन चुनावों में पूरी ताकत लगा रही है। इस साल के आखिर में दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और मौजूद समय में दोनों राज्यों में भाजपा सरकार में हैं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/f8x7MwT
https://ift.tt/tovdaek

Post a Comment

और नया पुराने