बीकानेर. Bikaner Congress: कांग्रेस के उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में पास किए प्रस्तावाें के अनुसार कांग्रेस संगठन में बदलाव शुरू कर दिया गया है। प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर जिलाध्यक्ष अपनी कार्यकारिणी के लिए नई सूची बनाकर बुधवार को भेजेंगे। इससे पहले भेजी सूची की घोषणा सोमवार को होनी थी। परन्तु प्रदेशाध्यक्ष ने उसे रोकते हुए चिंतन शिविर के निर्णयों के अनुरूप संसोधित प्रस्ताव जिलाध्यक्षों से मांग लिए हैं। बीकानेर शहर जिला कार्यकारिणी में कुल 40 पदाधिकारी हैं। इनमें 50 प्रतिशत अंडर 50 आयु के होने का नियम लागू किया गया है। इसके बाद अब जिलाध्यक्ष की ओर से भेजी जा रही सूची में 20 युवाओं को शामिल किया गया है। जबकि आठ से दस प्रतिशत पद महिलाओं को दिए गए हैं। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी की भी भागीदारी रखी गई है।
पदाधिकारी के ब्योरा में आयु लिखना जरूरी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष की ओर से भेजी जाने वाली कार्यकारिणी की सूची में प्रत्येक पदाधिकारी की आयु लिखना जरूरी है। इसके लिए आधार कार्ड में दर्ज आयु को ही माना जाएगा। साथ ही एक परिवार एक पद के नियम को ध्यान में रखते हुए कांग्रेसी नेताओं को इसमें स्थान दिया जाना है। कांग्रेस के नए नियम के अनुसार संगठन के साथ नियुक्तियों में भी अब 50 प्रतिशत युवाओं को मौका मिलेगा। नगर विकास न्यास में अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल 50 वर्ष से अधिक आयु के नेता अब पिछड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि प्रदेश की सभी यूआइटी में से आधी में 50 पार को मौका दिया जा सकता है। बीकानेर यूआइटी अध्यक्ष की दौड़ में आगे चल रहे अधिकांश दावेदारों की आयु 50 के पार ही है।
नए निर्देशानुसार बना रहे सूची
प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा की ओर से मिले निर्देश के अनुसार पहले से कार्यकारिणी के प्रस्तावित पदाधिकारियों की भेजी सूची में बदलाव किया गया है। इसमें 50 प्रतिशत युवाओं को शामिल करते हुए प्रत्येक की आयु को भी बताया गया है। तीन दिन में नई कार्यकारिणी की सूची मांगी गई थी, जिसे बुधवार को भेज दिया जाएगा। -यशपाल गहलोत, जिलाध्यक्ष शहर कांग्रेस बीकानेर
बीकानेर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/pnlwqHD
https://ift.tt/PoFGXBQ
إرسال تعليق