याद रहेगा विवादों से घिरा घुंघराली लटों और सफेद जिंक क्रीम वाला चेहरा

टाउन्सविले. होठों पर जिंक ऑक्साइड की सफेद क्रीम और घुंघराली लटों वाले ऑस्ट्रेलिया (Australia) के दिग्गज क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स (46) अब हमारे बीच नहीं हैं। ऑस्ट्रेलिया में क्वींसलैंड के टाउन्सविले शहर में शनिवार देर रात कार हादसे में उनकी मौत हो गई।
क्वींसलैंड पुलिस ने रविवार को बताया कि इस रिटायर्ड ऑलराउंडर की कार सड़क से नीचे लुढ़क गई थी। आपातकालीन सेवाओं ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। एंड्रयू साइमंड्स (Andrew Symonds) की कई छवियां क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा याद रहेंगी। चाहे बॉलिंग हो, बैटिंग हो, फील्डिंग या कोई विवाद, मैदान पर उनकी मौजूदगी का एहसास हमेशा होता था। हरभजन सिंह के साथ उनका 'मंकीगेट' विवाद, गाबा के मैदान में वस्त्रहीन घुसे प्रशंसक को धक्का देकर बाहर निकालना और 'बिग बॉस' के घर में उनका पूजा मिश्रा को फूल देकर रिझाना लोग भूले नहीं होंगे।
साइमंड्स इस हद तक मनमौजी थे कि एक बार टीम की मीटिंग चल रही थी और वह ऑस्ट्रेलिया की डार्विन नदी के किनारे मछली पकड़ने में मशगूल थे। मुंहफट इतने कि एक इंटरव्यू में अपने दोस्त मैथ्यू हेडन को लेकर यह कहकर सन्न कर दिया कि उनके घर डिनर पर जाना इसलिए अच्छा लगता है कि उनकी बीवी को देखने का मौका मिल जाता है। इन छवियों के बीच साइमंड्स मैदान में कवर और मिड विकेट पर मुस्तैद खड़े नजर आते थे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग उन्हें खतरनाक टाइगर शार्क कहा करते थे। पोंटिंग उनके हुनर के कायल थे। कई मौकों पर उनके लिए ढाल बनते रहे। साइमंड्स के बेमिसाल थ्रो और गिल्लियां बिखेरने वाला गजब का निशाना प्रतिद्वंद्वी टीम की उलझन बढ़ा देता था।
साइमंड्स की मौत से करीब दो महीने पहले ही क्रिकेट जगत ने शेन वॉर्न जैसे दिग्गज को खोया है। इसके अलावा इस साल की शुरुआत में ही रॉड मार्श की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

बायोलॉजिकल माता-पिता से एक बार भी नहीं मिले
एंड्रयू साइमंड्स अपने बायोलॉजिकल माता-पिता से एक बार भी नहीं मिले। इंग्लैंड के बर्मिंघम में 9 जून, 1975 को जन्म के तीन माह बाद ब्रिटिश दंपती केन और बारबरा ने उन्हें गोद लिया था। बाद में वह ऑस्ट्रेलिया में बस गए। ऑस्ट्रेलिया से उन्हें इतना प्रेम था कि इंग्लैंड की जूनियर टीम में चुने जाने के बाद भी उन्होंने यह कहकर ऑफर ठुकरा दिया कि मैं इंग्लैंड के लिए नहीं खेलना चाहता।

याद रहेगा विवादों से घिरा घुंघराली लटों और सफेद जिंक क्रीम वाला चेहरा

चौंकाने में माहिर
साइमंड्स ने 1995 में 20 साल की उम्र में काउंटी में 16 छक्कों के साथ 206 गेंदों पर नाबाद 254 रन ठोककर चौंका दिया था। चौंकाने में वह उम्रभर माहिर रहे। कुछ साल पहले उन्होंने बॉल्ड लुक में सामने आकर चौंकाया था। घुंघराली जुल्फें, जो उनकी पहचान थीं, उन्होंने चैरिटी के लिए दान कर दीं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/5BYIaKL
https://ift.tt/ATsmGP2

Post a Comment

और नया पुराने