कांग्रेस चिंतन शिविर की गतिविधियों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होगा प्रचार-प्रसार, आईटी सेल को मिला टास्क

जयपुर। उदयपुर में 13 से 15 मई तक होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय का चिंतन शिविर की तैयारियां अपने अंतिम दौर में हैं। कांग्रेस चिंतन शिविर में होने वाली चर्चाओं का संदेश आमजन तक भी पहुंचे इसके लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस आईटी सेल को दी गई है।

कांग्रेस चिंतन शिविर में होने वाली चर्चाओं, मंथन और प्रस्तावों को कांग्रेस आईटी सेल सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर पर प्रचार प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए बकायदा उदयपुर में चिंतन शिविर स्थल के पास ही कांग्रेस आईटी सेल के लिए भी कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां केंद्रीय आईटी सेल की टीम चिंतन शिविर में होने वाली हर चर्चाओं को सोशल मीडिया पर क्रिएटिव तौर पर पेश करेगी तो वहीं राजस्थान कांग्रेस आईटी सेल की टीम भी केंद्रीय आईटी सेल का सहयोग करेगी।


आईटी सेल बताएगा कि क्यों होता है चिंतन शिविर
बताया जाता है कि आईटी सेल के जरिए सोशल मीडिया पर आमजन को कांग्रे, चिंतन शिविर के इतिहास को लेकर जानकारी दी जाएगी कि कांग्रेस चिंतन शिविर क्यों बुलाया जाता है और इस बार जो चिंतन शिविर आयोजित हो रहा है उसकी क्या वजह है। साथ ही चिंतन शिविर के लिए उदयपुर को ही क्यों चुना गया।

इसके बारे में भी सोशल मीडिया के जरिए आम जन को जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही आजादी के आंदोलन से लेकर अब तक कांग्रेस के नेताओं का देश के विकास में क्या योगदान रहा इसके बारे में भी सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार किया जाएगा।


पार्टी के शीर्ष नेताओं के भाषणों का भी वीडियो के जरिए होगा प्रचार-प्रसा
इधर कांग्रेस चिंतन शिविर में पार्टी के शीर्ष नेताओं पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह, सीएम अशोक गहलोत सहित पार्टी के कई शीर्ष नेताओं के भाषणों और संदेश टीवी वीडियो बनाकर उन्हें भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाएगा, जिससे कि आम जनता तक पार्टी के शीर्ष नेताओं की बात पहुंचे।


टि्वटर ट्रेंड पर भी रहेगा फोकस
कांग्रेस आईटी सेल का फोकस कांग्रेस चिंतन शिविर की गतिविधियों को ट्विटर पर ट्रेंड कराने पर भी रहेगा। चिंतन शिविर को नव संकल्प नाम दिया गया है जिसे लगातार तीन दिन तक ट्विटर पर टॉप फाइव ट्विटर ट्रेंड में कराने की जिम्मेदारी भी आईटी सेल को दी गई है।

इसके अलावा कांग्रेस चिंतन शिविर स्थल और शिविर में भाग लेने वाले नेताओं की फोटो और वीडियो संदेश क्रिएटिव तौर पर सोशल मीडिया में प्रसारित किए जाएंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस चिंतन शिविर को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस आईटी सेल की बैठक लेकर दिशा निर्देश जारी किए थे।


इनका कहना है
कांग्रेस चिंतन शिविर में होने वाली हर गतिविधियों भाषणों को वीडियो संदेश के जरिए सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रचारित और प्रसारित किया जाएगा, जिससे की पार्टी के नेताओं का संदेश ज्यादा से ज्यादा आमजन तक पहुंचे।
नितिन अग्रवाल,
नेशनल कॉर्डिनेटर, कांग्रेस आईटी सेल



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/4XSv0lO
https://ift.tt/OqyztFB

Post a Comment

أحدث أقدم