आंधी ने उड़ाई पतंगों की रंगत, आज भी मौसम बिगाड़ सकता है मिजाज

बीकानेर. धूप चाहे कितनी ही तेज हाे लेकिन पतंगबाज परवाह नहीं करते। उनके आड़े आती है हवा का तेज होना। आखाबीज पर सोमवार को 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली, तो पतंगबाज बेबस नजर आए। आसमान में आंधी से छाए धूल के गुबार के छंटने और हवा मंद पड़ने का इंतजार करते रहे। शाम होते-होते हवा की गति कुछ कम हुई, तो पतंगबाज छतों पर चढ़े नजर आए। अब अक्षय तृतीय के दिन मंगलवार को फिर पतंगबाजी का जुनून सिर चढ़कर बोलेगा। बशर्ते मौसम साथ दे। हालांकि मौसम विभाग की मानें, तो मौसम मंगलवार को भी पतंगबाजों को निराश कर सकता है। विभाग ने तेज हवा चलने की संभावना जताई है, जो उत्सव का मचा किरकिरा कर सकती है।

मौसम विभाग जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के चलते मंगलवार सुबह दस बजे तक तो हवा सामान्य रहेगी। इसके बाद तेज हवा चलनी शुरू हो जाएगी और आकाश में गर्द छाई रह सकती है। दोपहर के समय हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। जबकि शाम को वापस हवा की गति मंद होने के आसार हैं। गर्द छाने की वजह से तापमान में भी गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सोमवार को बीकानेर के तापमान में एक साथ तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट रही। अधिकतम तापमान 44.2 तथा न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो रविवार को अधिकतम 47.1 डिग्री सेल्सियस से लगभग तीन डिग्री कम था। इसकी वजह गर्द के कारण तेज धूप का असर कम होना माना जा रहा है।
सेटेलाइट में नजर आया गुलाबी रंग

सोमवार दोपहर 1.30 बजे जारी सेटेलाइट तस्वीर में बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, नागौर व चूरू जिलों पर तेज धूलभरी आंधी चलने की गुलाबी छाया नजर आई। इस समय 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल रही थी।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3xhISdk

https://ift.tt/ZQIjUx4

Post a Comment

और नया पुराने