जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान विजय के संकल्प के साथ आगामी दो साल में होने वाले चुनावों के लिए गुरुवार 19 मई से तीन दिवसीय मंथन (BJP National Executive Office Bearers Meet Jaipur) शुरू कर दिया है। दिल्ली रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (J P Nadda) ने राष्ट्रीय महामंत्रियों की बैठक में देश के राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के साथ खासतौर से चुनावी राज्यों राजस्थान, गुजरात, हिमाचल और मध्य प्रदेश के प्रभारियों से वहां के सियासी समीकरण का फीडबैक लिया। इससे पहले नड्डा का जयपुर में भव्य स्वागत किया गया। अपने जयपुर प्रवास के पहले दिन नड्डा ने भाजपा के सभी गुटों को एक साथ अपनी गाड़ी में बैठाकर एकजुटता और सुलह का संदेश देने की कोशिश की है। प्रदेश भाजपा के नेताओं ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे में गुटबाजी को दूर रखा। सभी नेताओं ने एकजुट होकर नड्डा का स्वागत किया। नड्डा ने भी एकजुटता का संदेश देने के लिए गुलाब चंद कटारिया (Gulab chanad Kataria), सतीश पूनिया (Satish Poonia, Rajasthan BJP P President) और वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje, Ex CM Rajasthan) को अपनी गाड़ी में साथ रखा।
विधानसभा चुनावों के साथ 2024 का लोकसभा चुनाव है मुख्य एजेंडा
राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में विधानसभा चुनावों के साथ 2024 का लोकसभा चुनाव मुख्य एजेंडा है। 2023 में राजस्थान और 2024 में केंद्र में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने की रणनीति पर आगामी तीन दिन मंथन चलेगा। मंथन की शुरुआत महामंत्रियों की गुरुवार को हुई बैठक के साथ हुई। इससे पहले जयपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कुशाभाऊ ठाकरे और सुंदर सिंह भंडारी जन्मशती वर्ष के तहत इनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
राजस्थान से चार नेता होंगे राष्ट्रीय परिषद में शामिल
पहले दिन बैठक में एक अहम फैसला लिया गया। भाजपा की राष्ट्रीय परिषद् की बैठक में राजस्थान के चार नेता शामिल होंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर को इस बैठक में आमंत्रित किया गया है। अरुण सिंह प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में शामिल होंगे।
आखिरी दिन आएगा राजनीतिक प्रस्ताव
बैठक के आखिरी दिन शनिवार को सभी प्रदेशों के संगठन महामंत्रियों की बैठक होगी। इसमें देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर राजनीतिक प्रस्ताव पास होंगे। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ जनता से जुड़े मुद्दों पर मंथन होगा। इसमें कानून व्यवस्था, पेपर लीक प्रकरण को लेकर भाजपा मुखर होगी।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन आज
पदाधिकारियों को बैठक में शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल (PM Modi Virtaul Address at Jaipur BJP Meet) संबोधन होगा। प्रधानमंत्री पार्टी के 136 पदाधिकारियों को संबोधित कर उन्हें चुनाव जीतने का मंत्र देंगे। 20 मई को सुबह से शाम तक चार सत्र में बैठक होगी। समापन सत्र को जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय महामंत्री और राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक के साथ राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बैठक में राजस्थान के चुनाव सहित सभी ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन, सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/b51NYH3
https://ift.tt/lT8zpVc
एक टिप्पणी भेजें