लो खाओ आम, कुछ समय के लिए इसलिए कम हो गए हैं दाम

इस सीजन में पहले नींबू और फिर आम दोनों के दामों ने लोगों के दांत खट्टे कर दिए थे। नींबू के दाम जहां फुटकर में 300 से 400 रुपए किलो तक पहुंच गए थे तो आम के दाम 120 से 150 रुपए प्रति किलो के स्तर पर बने हुए थे। लेकिन अब नींबू के दाम तो गिरे ही है हैं, आम के दामों में भी गिरावट का दौर शुरू हो चुका है। जी हां, अब फुटकर में आम के दाम 70 से 80 रुपए किलो तक आ गए हैं और आगे इसमें और गिरावट के आसार हैं।

थोक में 40 से 65 रुपए प्रति किलो हुए आम के दाम

जयपुर की थोक फल मंडी मुहाना में आम के बड़े कारोबारी और मंडी के महामंत्री कैलाश फाटक ने बताया कि फिलहाल पिछले करीब तीन-चार दिन से आम के दाम थोक में 40 से 65 रुपए प्रति किलो तक चल रहे हैं, जो कि पिछले साल 30 से 45 रुपए ही थे। फाटक ने बताया कि लेकिन अब पिछले साल की तुलना में आम की आवक काफी कम है, पर आगे आवक बढेगी, ऐसे आसार हैं।
फाटक ने पत्रिका को बताया कि पिछले साल रोजाना करीब 40 से 45 ट्रक आम के मंडी में आया करते थे। लेकिन इस साल ऊपर में 20 से 25 और नीचे में करीब 10 ट्रक ही रोजाना मंडी में आम के आए हैं। आवक बढ़े तो भाव कम हो सकते हैं। फाटक ने बताया कि पूरे मई माह और कुछ हद तक जून में फिलहाल सफेदा आम की आवक बनी रहने के आसार दिख रहे हैं। फाटक ने बताया कि इन दिनों तो फिलहाल मंडी में दक्षिण भारत के हैदराबाद, वारंगल, जगत्याल आदि से अधिकांश माल आ रहा है। इन क्षेत्रों में तापमान कम रहने से यहां फसल अपेक्षाकृत उत्तर भारत से काफी अच्छी हुई है।

सीजन खत्म होने से पहले एक बार बढ़ती है आवक, कम होते हैं दाम

हैदराबाद से आम के बड़े उत्पादक अलीम भाई ने पत्रिका को बताया कि आगे आम के दाम कम होंगे। उन्होंने बताया कि इस बार तापमान ज्यादा रहने से सफेदी सहित दूसरे आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। 50 प्रतिशत तक फसल खराब हो गई है। लेकिन अलीम भाई का कहना है कि अभी भले ही आम के भाव पिछले साल से तेज हैं लेकिन उनका अनुभव कहता है कि आगे दाम कम होंगे। जैसे-जैसे सीजन पीक पर आएगा, हर ओर से आवक बढ़ेगी, क्योंकि फल को पकने के बाद इसको रोक नहीं सकते। खराब होने का डर रहता है। इसलिए आवक बढ़ने के साथ ही आगे आम के दाम भले ही एक सप्ताह के लिए कम हों पर अभी 10-15 रुपए और टूटेंगे। अलीम भाई ने बताया कि उन्हें मई के तीसरे और चौथे सप्ताह में आम के दाम और कम होने के आसार दिख रहे हैं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/soqVml7
https://ift.tt/hj7qbVi

Post a Comment

أحدث أقدم