बीकानेर. अतिक्रमणों को लेकर नगर निगम रोज कार्रवाई कर रहा है। पिछले कई दिनों से निगम का अतिक्रमण रोधी दल सक्रिय है और कार्रवाई कर अतिक्रमणों का सफाया कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को निगम दल तुलसी सर्कल के निकट मंदिर के पास संचालित हो रही गौशाला पहुंचा और गौशाला की दीवार, गेट को हटाकर गौशाला में रह रहे पशुओं को वहां से हटाया गया।
निगम की कार्रवाई की भनक लगते ही गौशाला समिति के पदाधिकारी और विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता व गौसेवक मौके पर पहुंचे और कार्रवाई पर विरोध दर्ज करवाया। विरोध को बढ़ता देख निगम दल बैकफुट पर आया और लौट गया। इस दौरान गौशाला समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस जमीन पर विवाद होने व न्यायालय से स्टे के बाद भी निगम ने कार्रवाई की और कोर्ट के आदेशों की अवमानना की है। निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारी और होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।
कार्रवाई का विरोध
निगम की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने विरोध दर्ज करवाया। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम बड़े भू माफियाओं और ऊंचे रसूखात के लोगों के अतिक्रमणों व अवैध निर्माण कार्यो पर कार्रवाई न कर गायों के रहने के आसरे को उजाड़ रहा है।
फिर बेसहारा हुआ गौवंश
श्री तुलसी गौशाला में बीमार, निशक्त गौवंश को रखने की बात कही जा रही है। गौशाला समिति अध्यक्ष सूरजमाल सिंह नीमराणा के अनुसार वर्तमान में गौशाला में छोटे-बड़े 55 गौवंश रह रहे थे। निगम ने कार्रवाई के दौरान दीवारों व गेट को तोड़कर सभी गौवंश को खुला छोड़ दिया है।इन गौवंश को यहां चारा, पानी और छांव की सुविधा थी। उन्होंने बताया कि निगम कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन कर कार्रवाई पर विरोध दर्ज करवाया जाएगा।
पशु हटाए, सफाई की
नगर निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा के अनुसार पब्लिक पार्क परिसर से पशुओं को हटाकर वहां सफाई की गई। कुछ फुट दीवार का हिस्सा भी हटाया गया। जहां कार्रवाई की गई वह स्थान पब्लिक पार्क का हिस्सा है। यहां गोबर आदि इक्कठा कर रखा था। वहीं नगर निगम के उप विधि परामर्शी गिरधारी लाल जाखड़ के अनुसार तुलसी सर्कल क्षेत्र में जिस स्थान को गौशाला कहा जा रहा है वर्ष 2018 में स्टे था। एक बार स्टे मिला था।यह स्टे लगातार है या नहीं है, इसकी जानकारी न्यायालय से ली जाएगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/jwcYFni
https://ift.tt/75bews2
إرسال تعليق