बीकानेर.पूगल. गांव से रोही में बकरियां चराने गए एक बालक व दो किशोरों की खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार देर शाम की है। पुलिस को परिजनों ने रविवार को सूचना दी। पूगल एसएचओ महेश कुमार गिल्ला ने बताया कि घटना भानीपुरा गांव की रोही में भीखसिंह पुत्र पाबूदान सिंह के खेत में हुई।शनिवार शाम को भानीपुरा निवासी कालूसिंह (18) पुत्र नरपतसिंह, रामसिंह (16) पुत्र राजूसिंह राजपूत एवं नाल थाना क्षेत्र के कावनी निवासी उपेन्द्रसिंह (10) पुत्र दलीपसिंह राजपूत भीखसिंह के खेत में बनी पानी की डिग्गी में नहाने उतरे। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीनों की डूबने से मौत हो गई। शाम को वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने डिग्गी के पास कपड़े पड़े देखे, तब गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।
तीनों आपस में हैं रिश्तेदार
कालूसिंह, रामसिंह चचेरे भाई हैं और उपेन्द्र सिंह इनकी बुआ का लड़का है, जो इन दिनों गांव आया हुआ था। शनिवार को यह तीनों बकरियां चराने गए थे। बताया जा रहा है कि दोपहर में तीनों डिग्गी में नहाने के लिए उतरे। इस दौरान उपेन्द्रसिंह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख कालूसिंह व रामसिंह ने उसे बचाने कोशिश की। इस कशमकश में तीनों डूब गए।
गांव में शोक की लहर
एक ही परिवार में तीन मौतों से भानीपुरा व कावनी गांव में शोक की लहर छा गई। गांव में जब शव पहुंचे तो मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। पूगल थाने में भानीपुरा निवासी राजूसिंह राजपूत की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है।
बीकानेर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/HprJNBR
https://ift.tt/v5Oq0r8
एक टिप्पणी भेजें