पहले घर से भाग कर शादी की। परिवार वालों से जान-माल का खतरा बताकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। प्यार पाने के लिए सैकड़ों दुख सहे और परिवार वालों से लड़े। वो नव जोड़े अब एक-दूसरे से अलग होने के लिए लड़ रहे हैं। इस बार पुलिस के पास सुरक्षा के लिए नहीं अलग-अलग कराने की गुहार लगा रहे हैं। अलग होने वालों में अधिकतर लव मैरिज वाले युवक-युवतियां हैं। राजस्थान पत्रिका ने पड़ताल की तो सामने आया कि पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन झगड़े की वजह बन रहा है।
पत्नी की फेसबुक और वाट्सएप पर व्यस्तता पति को नागवार गुजर रही है। इतना ही नहीं पत्नी की बाजार घुमाने ले जाने, होटल में खाना खिलाने एवं शॉपिंग कराने की बढ़ती डिमांड अलगाव की सबसे बड़ी वजह बन रही है।
यह बातें घर तक ही सीमित नहीं है, शिकायतें थाने तक पहुंच रही हैं। पिछले पांच महीने में बीकानेर के महिला थाने में पति-पत्नी के झगड़ों के 135 मामले पहुंचे हैं। 50 फीसदी में पुलिस समझौता कराकर दंपती को जैसे-तैसे एक करा चुकी है। दस फीसदी में काउंसलिंग चल रही है। एक मामले में पत्नी ने यहां तक कह दिया कि वह पति को छोड़ सकती है, लेकिन मोबाइल को नहीं।
वहीं एक अन्य मामले में पत्नी कहती है कि जब होटल में खाना नहीं खिला सकते, शॉपिंग नहीं करा सकते तो शादी की ही क्यों।
केस-एक: कोटगेट थाना क्षेत्र की रहने वाली सविता (बदला हुआ नाम) की शादी पांच दिसंबर, 2020 को संजय से हुई। शादी के बाद कुछ समय तक ठीक-ठाक रहा लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे। 20 जुलाई 2021 को मामला महिला थाने में आया। युवती की शिकायत है कि पति शराब पीता है। दहेज की मांग की जाती है।
केस-दो: गंगाशहर थाना क्षेत्र निवासी पल्लवी (बदला हुआ नाम) ने 29 दिसंबर, 2020 को धर्मवीर से लव मैरिज की। शादी के बाद आपसी मनमुटाव होने लगा। ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करने लगे। पति मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं पति के भाई भी बदसलूकी करते। 24 नवंबर, 2021 को मामला महिला थाने में दर्ज हो गया।
काउंसलिंग में आ रहे ऐसे-ऐसे कारण
महिला थाने में काउंसलिंग कराने वाली उपनिरीक्षक बताती हैं कि छोटी-छोटी बातें बड़े झगड़े का कारण बन रही हैं। लड़का व लड़की अपने अधिकारों की बातें करते हैं लेकिन अपनी-अपनी जिम्मेदारी व कत्र्वय नहीं निभाते। दो में एक पक्ष अपनी जिम्मेदारी को नहीं निभाता है तो झगड़े शुरू हो जाते हैं।
एकल परिवार हो गए हैं। माता-पिता के साथ रहना पसंद नहीं कर रहे हैं। लड़कियां छोटी-छोटी बातों को अपने माता-पिता को बता रही हैं, जिससे उनके माता-पिता का हस्तक्षेप भी काफी बढ़ा है। माता-पिता समझाने की जगह शह दे रहे हैं।
लड़कियां खुलापन चाह रही हैं। पति पर दबाव बनाती हैं कि उन्हें बाहर घुमाएं, खुलापन प्रदान करें। पत्नी जो चाहती है, उसके शौक पूरा करने के लिए पति की आय नहीं होती है। पति से झगड़ा होने लगता है।
मोबाइल झगड़े का प्रमुख कारण बना है। इससे दोनों के बीच अविश्वास बढ़ा है। एक बार अविश्वास बढऩे पर झगड़े बढऩा शुरू हो जाते हैं, जो बड़ा रूप ले लेते हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/L06fhHm
https://ift.tt/IHOSWJo
एक टिप्पणी भेजें