बीकानेर. प्रदेश के लाखों शिक्षक स्थानांतरण के लिए शिक्षा विभाग की ओर से आवेदन लेने का इंतजार कर रहे है। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में तबादलों से प्रतिबंध हटते ही शिक्षा विभाग से तबादला आदेश जारी होने लगे है। शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला के गृह विधानसभा क्षेत्र बीकानेर पश्चिम में अन्य ब्लॉक से तबादला होकर शिक्षा आ रहे है।
शिक्षा विभाग के लिए तबादला नीति अभी जारी नहीं की गई है। साथ ही तृतीय श्रेणी से लेकर अन्य वर्ग के शिक्षकों के तबादलों के लिए आवेदन भी नहीं मांगे गए है। अभी आम शिक्षक तबादलों के लिए आवेदन लेने का इंतजार कर रहे है।
सत्तापक्ष के विधायक तथा मंत्री राज्य सभा चुनावों के चलते उदयपुर में बाड़ाबंदी में चले गए है। ऐसे में शिक्षक डिजायर के लिए विधायकों और मंत्रियों के आवासों के चक्कर काट रहे है। वहीं दूसरी तरफ तबादल आदेश जारी होने के मामले भी सामने आने लगे है।
डीईओ के आदेश का हवाला
शिक्षा विभाग ने गत 31 मई को बीकानेर जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोलायत से लेवल द्वितीय की एक शिक्षिका का स्थानांतरण राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीनाथ घाटी बीकानेर में करने के आदेश जारी हुए है। संस्था प्रधान ने जिला शिक्षा अधिकारी के आदेशों का हवाला देते हुए शिक्षिका को नए पदस्थापन स्थल के लिए 3 जून को कार्यमुक्त भी कर दिया। यह आदेश रविवार को दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। शिक्षक भी तीव्र प्रतिक्रिया देते नजर आए।
सब जयपुर से हो रहा
इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि तबादला आदेश जयपुर से हो रहे है। परिवेदनाओं के निस्तारण के तहत स्थानांतरण हुुआ है। अभी तबादलों के लिए आवेदन आदि के लिए कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/L9vk2nd
https://ift.tt/lZuOEsR
एक टिप्पणी भेजें