शहर में बुधवार शाम को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई सड़कों पर बारिश का पानी भर गया। बारिश के कई घंटों बाद भी सड़कों पर पानी एकत्र रहा। इससे लोग परेशान होते रहे। पानी और कीचड़ के बीच से ही लोग निकलने को मजबूर रहे। वहीं बारिश के पानी के कारण कई नाले-नालियों का कचरा भी सड़कों पर फैल गया। नगर निगम के मुख्य द्वार के आगे ही देर रात तक बारिश का पानी एकत्र रहा।
वहीं पुरानी गिन्नाणी में केसरिया हनुमान मंदिर रोड सहित कई सड़कों पर पानी एकत्र रहा। लोगों को आने-जाने में परेशानी होती रही। श्रीगंगानगर रोड पर अनाज मंडी से आगे बारिश के दौरान पानी एकत्र रहा। पानी से होकर वाहन निकलते रहे। बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण भुट्टा चौराहा से कीर्ति स्तंभ की ओर जाने वाली रोड पर पेड़ गिर गए। गनीमत रही पेड़ गिरने के दौरान कोई इनकी चपेट में नहीं आया।
कार पर गिरी दीवार
सार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल गेट से चौराहे की तरफ की स्कूल दीवार का कुछ हिस्सा गिर गया। जानकारी के अनुसार दीवार का यह हिस्सा कमजोर था व गिरने की स्थिति में था। बारिश के दौरान यह हिस्सा गिरा। जिस समय दीवार का हिस्सा गिरा, उस समय एक कार दीवार के नजदीक खड़ी थी। दीवार का मलबा कार पर गिरा, इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
नापासर. क्षेत्र में बुधवार को बारिश के साथ तेज हवाओं से कई जगह विद्युत पोल व पेड़ गिर गए। तेजरासर के दक्षिण में जीएसएस क्षेत्र में 20 से ज्यादा पोल टूटकर गिर गए और बड़ी संख्या में पेड़ टूट गए। पेड़ टूटने से खेतों के रास्ते अवरुद्ध हो गए। सूचना मिलने पर विद्युत निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दुरुस्त करने में लग गए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Une6KL7
https://ift.tt/25tj0Jr
إرسال تعليق