फेसबुक पर अविवाहित बताकर एक युवती से दोस्ती करने वाला युवक शादीशुदा और दो बच्चों का पिता निकला। आरोपी युवक गुरुवार को रामनिवास बाग में युवती से मिलने आया था और शादी भी करने वाला था। लेकिन बाग में युवती से अश्लील हरकत करते देख निर्भया टीम ने उनको पकड़ा। तस्दीक में युवक के शादीशुदा होने की पोल खोली तो पार्क में युवती जोर-जोर से रोने लगी। इसी दौरान युवती और निर्भया टीम से युवक अभद्रता करने लगा तो उसे शांति भंग के मामले में गिरफ्तार किया।
एडीसीपी सुनीता मीना ने बताया कि रामनिवास बाग स्थित सावन भादो पार्क में निर्भया टीम को दो लड़कियां इधर-उधर घूमते और परेशान नजर आई। कुछ देर बाद एक युवक वहां पहुंचा और एक लड़की को अपने साथ पेड़-पौधों के पीछे ले जाकर अश्लील हरकत करने लगा। युवती खुद को बचाने का प्रयास कर रही थी और परेशान थी।
निर्भया ने अकेली खड़ी दूसरी लड़की से जब पूछताछ की तो युवक के साथ गई युवती को अपनी मौसेरी बहन बताया और रेलवे में ड्राइवर की नौकरी करने वाले उसी युवक से शादी होने की बात कही। टीम ने युवक से बात की तो उसने पहले नाम राजकुमार और फिर प्रताप सिंह बताया। युवक से उसका मोबाइल लेकर तस्दीक की तो उसमें उसकी पत्नी व बच्चों के साथ फोटो मिली। सीतापुरा स्थित एक फैक्ट्री में प्रताप सिंह नाम से गार्ड होने का परिचय पत्र मिला।
लड़कियां सावधान रहें
सोशल मीडिया पर दोस्ती करने वालों की पहले पूरी तरह से तस्दीक कर लें। सोशल मीडिया पर अपनी असली पहचान छिपाकर मनचले युवक इसी प्रकार युवतियों को अपने चंगुल में फंसाते हैं। युवक की पोल खुलने पर युवती ने रोते हुए बताया कि फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। युवक ने खुद को अविवाहित बताया। पहली बार उससे मिलने यहां आई थी। इसी दौरान आरोपी ने युवती और निर्भया टीम से अभद्रता की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/uI8403x
https://ift.tt/ZA65PkB
एक टिप्पणी भेजें