बजरी से भरा बेकाबू ट्रक नहर में गिरा, चालक की मौत

लूणकरनसर. राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर 264 आरडी की पुलिया के समीप मंगलवार दोपहर को बजरी से भरा एक ट्रक बेकाबू होकर कंवरसेन लिफ्ट नहर में गिर गया। हादसे में ट्रक के चालक की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक में फंसे चालक के शव को निकालने के लिए करीब तीन घण्टे की मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक सूरतगढ़ के ग्राम मानकसर के वार्ड तीन निवासी ट्रक चालक मांगीलाल (29) पुत्र ओमप्रकाश बिश्नोई मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे बीकानेर के कोलायत क्षेत्र से बजरी से भरे ट्रक को सूरतगढ़ की ओर लेकर जा रहा था। इस दौरान राजमार्ग-62 पर कंवरसेन लिफ्ट नहर की 264 आरडी की पुलिया के पास बजरी से भरा ट्रक अनियन्त्रित होकर नहर में गिर गया। तेज गति से जा रहे ट्रक से आगे का हिस्सा नहर पुलिया की दीवार से टकराने से क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में चालक मांगीलाल बिश्नोई के ट्रक में दबने व पानी में डूबने से मौत हो गई। नहर में ट्रक के गिरने से सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक को निकालने का प्रयास शुरू किया गया लेकिन ट्रक में भरी बजरी से वजन अधिक होने के कारण दो क्रेन की मदद से बाहर नहीं निकाला जा सका। करीब तीन घण्टे से अधिक की मशक्कत के बाद मृतक चालक के शव को निकाला गया। वही नहर में गिरे ट्रक को निकालने के लिए तीसरी क्रेन मंगवाई गई।

हादसे से नहर में आया कटाव

 

कंवरसेन लिफ्ट नहर की 264 आरडी की पुलिया के पास गिरे ट्रक से नहर में कटाव आ गया। हादसे को लेकर नहर में आए कटाव की सूचना नायब तहसीलदार मदनसिंह यादव को मिलने पर नहर विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद नहर विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

 

प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे मौके पर

मंगलवार दोपहर को बेकाबू होकर कंवरसेन लिफ्ट नहर गिरे ट्रक के हादसे को लेकर कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। उपखण्ड मुख्यालय से मात्र 7-8 किलोमीटर दूर हुए हादसे में नहर में गिरे चालक को बचाने के लिए लोग जुटे रहे लेकिन प्रशासन को कोई नुमाइंदा मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में रोष नजर आया। हादसे को लेकर जाम लगने से सड़क के दोनों और करीब एक-डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

 

दो क्रेन नहीं खींच पाई ओवरलोड बजरी से भरा ट्रक

 

मंगलवार को बजरी से भरे बेकाबू ट्रक के नहर में गिरे हादसे से पुलिस व प्रशासन द्वारा चलाए गए ओवरलोड वाहनों की रोकथाम अभियान की भी पोल खुल गई। हादसे के दौरान ओवरलोड बजरी से भरे ट्रक में फंसे चालक को निकालने के लिए पुलिस ने दो क्रेन मंगवाई गई। लेकिन दो क्रेन की मदद से नहर मेें गिरे ट्रक को शाम 6 बजे तक निकालने का प्रयास जारी रहा। हादसा ट्रक के ओवरलोड की वजह से हुआ या तेज गति के चलते हुआ। इसके बारे में जानकारी नहीं मिली।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/L8dC1Dh

https://ift.tt/3SDaEMK

Post a Comment

और नया पुराने