आगे बढ़ रहा मानसून, राजस्थान के इन जिलों में प्री मानसून बारिश, आज यहां बरसेगी राहत

weather update देश में मानसून कर्नाटक, मुम्बई सहित मध्य महाराष्ट्र में आगे बढा़ है। वहीं प्रदेश में भी प्री मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया। भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा व आसपास के कुछ जिलों में शनिवार को दोपहर बाद मौसम बदला। आसमान में घटा छाने के साथ ही तेज हवा चली। कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन तक आंधी-बारिश की स्थिति रहने की संभावना है। रविवार व सोमवार को जयपुर, भरतपुर व अजमेर संभाग के जिलों में भी मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के पूर्वी हिस्से में 12 व 13 जून को आंधी व हल्की बारिश की संभावना है। गंगानगर, हनुमानगढ़ में अंधड़ आ सकता है। आंधी-बारिश के कारण तापमान में भी 2-4 डिग्री की गिरावट होगी।

इन में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग की माने तो रविवार को जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बूंदी, बारां, झालावाड़, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, धौलपुर, भरतपुर, सीकर और झुंझुनूं में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।

बांसवाड़ा में प्री मानसून की पहली बारिश
मौसम विभाग के अनुमान के अनुरूप शनिवार रात को बांसवाड़ा जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्री मानसून की पहली बारिश हुई। रात को 10 बजे से अचानक ठंडी हवाएं चलने लगी। आसमान में बादल छा गए। करीब आधा घंटा बाद तेज हवा का दौर चला।और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक रिमझिम बारिश हुई।

अगले दो दिन में गुजरात में प्रवेश कर जाएगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में मानसून गुजरात में दक्षिणी हिस्से से प्रवेश कर जाएगा। दक्षिणी गुजरात के साथ ही महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भी मानसून पहुंच जाएगा।

धौलपुर में 46 डिग्री रहा तापमान
उदयपुर व कोटा संभाग के जिलों को छोड़कर अन्य सभी संभागों में मौसम शुष्क रहा। धौलपुर, करौली, चुरू सहित कई अन्य जिलों में लू चली। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान धौलपुर में 46 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जयपुर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री रहा।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/gL0tq5Y
https://ift.tt/Jo6HZlQ

Post a Comment

أحدث أقدم