अधिक कमाई के लिए बेकाबू हो रही रफ्तार

नोखा. मुख्य मार्गों पर रोजाना क्षमता से अधिक निर्माण सामग्री लेकर सड़कों पर सरपट दौड़ते वाहन नजर आते हैं, जो कई बार हादसे के कारण बन जाते हैं। चालक अपनी व दूसरों की जान की परवाह किए बिना वाहनों में बजरी, ग्रीट, कंकरीट भरकर तेज गति से सड़कों पर चलते हैं।

डंपरों में क्षमता से अधिक सामान भरा होने पर मोड़ व अचानक सामने से वाहन आने पर चालक कई बार संतुलन खो बैठता है, जिससे हादसा घटित हो जाता है। कस्बे की सड़कों पर नोखा, देशनोक, हाडलां से बजरी, श्रीबालाजी से कंकरीट और लोडसर व रणधीसर से ग्रीट से भरे ओवरलोड डंपर दौड़ते नजर आते हैं। इन ओवरलोड वाहनों के सड़कों पर रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। जिम्मेदार आंखें मूंदकर बैठे हैं, इन पर कार्रवाई करना तो दूर जांच तक नहीं करते हैं। सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान महज खानापूर्ति की जाती है।

इन विभागों की जिम्मेदारी
परिवहन विभाग, खान विभाग एवं पुलिस विभाग की ओर से इन वाहनों पर संयुक्त कार्रवाई की जरुरत है। ताकि इन्हें कानूनी हिदायत के साथ समय पर वाहनों के कागजात की जांच, चालकों के लाइसेंस आदि की जांच हो सके।


राहगीरों में दहशत
मुख्य मार्गों पर तेज गति से दौड़ते बजरी, कंकरीट व ग्रीट के डम्पर हादसों को न्योता देते नजर आते हैं। हालत यह है कि कर्कश हॉर्न के साथ बेकाबू दौड़ते डम्परों से राहगीरों में दहशत रहती है। इनसे कई बार हादसे भी घटित हो चुके हैं।


यह है प्रमुख वजह
-डम्परों में क्षमता से अधिक बजरी, ग्रीट व कंकरीट का परिवहन।
-कुछ जगह अवैध खनन के चलते ज्यादा फेरे लगाने की होड़।
-कार्रवाई के डर के चलते तेज रफ्तार में वाहन चलाना।
-नौसिखिया चालकों का वाहन चलाना।
-कार्रवाई से बचने के लिए रात्रि में चलते हैं सर्वाधिक ओवरलोड डंपर।


इनका कहना है
ओवरलोङ्क्षडग को लेकर अभियान चलाकर कार्रवाई करते हैं, चालान बनाते हैं और वाहन भी जब्त करते है। पुलिस व खान विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर भी ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करते हैं।
संजीव दलाल, डीटीओ नोखा।

सोमलसर टोल नाके पर वाहनों की जांच कर कार्रवाई करते हैं। अभी सड़क सुरक्षा अभियान चलाया हुआ है, उसमें भी यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर रहे हैं।
ईश्वर प्रसाद जांगिड़, सीआइ नोखा।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/VUeBYbq

https://ift.tt/LAsIRKr

Post a Comment

أحدث أقدم