बीकानेर. कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के खिलाफ शुक्रवार को शहर और देहात कांग्रेस ने आक्रोश प्रदर्शन किया। जिला कलक्ट्रेट के सामने कर्मचारी मैदान में धरना-प्रदर्शन में राज्य सरकार के तीन मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। वक्ताओं ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर केन्द्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जमकर कोसा। साथ ही एक मंत्री ने कार्यकर्ताओं को प्रदेश में पार्टी की सरकार और जिले के पास शिक्षा और ऊर्जा मंत्रालय होने से "पांचों अंगुलियां घी में होने" का फीलगुड कराया।
धरना स्थल पर शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि भाजपा सरकार ये जान ले कि जिस परिवार ने अपनी करोड़ों की संपत्ति देश हित में दी हो, उस परिवार के लोग क्यों घपला करेंगे। उन्होंने कांग्रेस की स्थापना से लेकर अब तक के इतिहास से कार्यकर्ताओं को रूबरू कराया। ऊर्जा मंत्री भवरसिंह भाटी ने कहा कि जो वातावरण आज देश का है, उसके लिए फिर से संघर्ष करना पड़ेगा। देश को बचाना है। अन्यथा सौहार्द को खत्म करने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ने वाली।
पांचों अंगुलियां घी में...
आपदा प्रबंधन मंत्री गोविन्दराम ने कहा कि शहर व देहात कांग्रेस को साथ बैठकर कार्यक्रम की रूपरेखा बनानी चाहिए। प्रदर्शन के लिए टेंट बड़ा लगाना चाहिए था, कुछ लोग धूप में खड़े हैं। कूलर-पंखों की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पैसे की चिंता नहीं करें, "कल्ला जी" बैठे हैं। जो नेता कांग्रेस के आयोजनों में जितने ज्यादा लोग लाएगा, उसके उतने ज्यादा काम होंगे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अब पांचों अंगुली घी में है। शिक्षा विभाग के मंत्री कल्ला जी आपके पास हैं। करंट वाला ऊर्जा महकमा भंवरसिंह भाटी के पास है। जिसने जो काम करवाना है, करवा सकते हो।फिर मजबूत होकर उभरेगी कांग्रेस
केशकला बोर्ड अध्यक्ष ( राज्यमंत्री ) महेन्द्र गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार परेशान हो रही है कि राहुल गांधी को प्रताड़ित करने के बावजूद कांग्रेस पार्टी झुक क्यों नहीं रही है। जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि भाजपा देश का माहौल बिगाड़ने में लगी है। इसके खिलाफ कांग्रेसी मजबूती से खड़ी है। जिला संगठन प्रभारी विधायक राकेश पारीक, भूदान बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, अम्बेडकर पीठ के महानिदेशक मदनलाल मेघवाल, पूर्व गृहमंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल, नारायण झंवर आदि ने भी विचार रखे। प्रदर्शन में महिला जिलाध्यक्ष सुनीता गौड़, मकसूद अहमद, राहुल जादुसंगत, रामनिवास कूकणा, अनिल व्यास, नितिन वत्सस, चेतना डोटासरा, केसराराम गोदारा, कन्हैयालाल कल्ला, कमल कल्ला, शिवलाल गोदारा, दिलीप बांठिया आदि शामिल हुए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/NsXDe2i
https://ift.tt/MeP8tBU
إرسال تعليق