पिकअप और ट्रेलर की टक्कर, एक की मौत

महाजन. कस्बे से करीब एक किलोमीटर दूर राजमार्ग संख्या 62 पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने रविवार दोपहर को एक पिकअप व ट्रेलर की आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में पिकअप चालक की मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार लूणकरनसर की ओर से डीजल के ड्रम भर कर महाजन की ओर आ रही पिकअप की सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी 108 एंबुलेंस के चालक पूनमचंद कूकणा ने बताया कि हादसा इतना भयंकर था कि पिकअप चालक पल्लू क्षेत्र के दनियासर का निवासी 25 वर्षीय राकेश जाट पिकअप के अंदर फंस गया।

चालक कूकणा ने ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी व मदद की गुहार लगाई। घटना की सूचना के बाद महाजन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन चालकों व ग्रामीणों की मदद से करीब 15-20 मिनट बाद पिकअप में फंसे चालक को बाहर निकाला। चालक को घायल अवस्था में महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया।

 

पिकअप चालक की हालत गंभीर होने के कारण स्थानीय चिकित्सकों ने उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में 108 एंबुलेंस के द्वारा रेफर कर दिया। पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान चालक राकेश ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने घायल चालक को बाहर निकालने के बाद ट्रैक्टर व अन्य वाहनों की मदद से क्षतिग्रस्त हुए ट्रेलर व पिकअप को राजमार्ग से हटवाकर आवागमन सुचारू करवाया।

खेत जाते समय ट्रैक्टर से गिरा, मौत

सूडसर. सेरूणा थाना क्षेत्र के देराजसर गांव की रोही में ट्रैक्टर में खेत जा रहे एक व्यक्ति की गिरने से मौत हो गई। मृतक के भाई ने सेरूणा थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार हरियाणा के सिरसा के डींग मंडी गांव निवासी ठाकरराम भाट ने बताया कि उसका चचेरा भाई गुलाब शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर से खेत जा रहा था। ट्रैक्टर को संगम चौराहा रतनगढ़ निवासी सहीराम भाट चला रहा था। सहीराम ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर उसके भाई गुलाब को नीचे गिरा दिया। उसे गंभीर हालत में बीकानेर पीबीएम अस्पताल अस्पताल ले गए। जहां उसने शनिवार शाम को दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/ko2zlMO

https://ift.tt/6qlBwz7

Post a Comment

أحدث أقدم