Good News: अब नहीं करना पड़ेगा सिलेंडर का इंतजार, पाइन लाइन से पहुंचेगी गैस, जयपुर से शुरुआत

पुनीत शर्मा / जयपुर। रसोई संभालने वाली गृहिणियों को राज्य सरकार जल्द ही खुशखबरी देने वाली है। 9 माह बाद मार्च 2023 से जयपुर शहर में पाइप लाइन से घरेलू गैस कनेक्शन देने की शुरुआत होगी।

पहले चरण में शहर के अलग-अलग इलाकों में 22 हजार गैस कनेक्शन देने का रोडमैप इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही टोरेंट कंपनी ने तैयार कर लिया है। सबसे पहले मानसरोवर क्षेत्र में कनेक्शन दिए जाएंगे। आठ वर्ष में जयपुर शहर में 6 लाख और अन्य जिलों में 96 लाख कनेक्शन जारी किए जाएंगे। इस सुविधा के बाद सिलेंडर बुक कराने, सिलेंडर की कीमतें बढ़ने और रसोई में गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर चिंता समाप्त हो जाएगी।

ये होंगे फायदे

- पाइप लाइन से मिलने वाली गैस पेट्रोलियम गैस से 30 से 35 प्रतिशत तक सस्ती।

- घर में किसी भी तरह के प्रदूषण की आशंका शून्य के बराबर।

- बिना बाधा 24 घंटे रसोई में गैस की आपूर्ति।

- सिलेंडर की तरह गैस कम आने की शिकायत नहीं, बार—बार सिलेंडर बदलने और बुक कराने के झंझट से मुक्ति।

- पोस्टपेड बिलिंग की सुविधा।

- प्रत्येक दो माह में उपयोग के आधार पर बिल।

13 कंपनियों के पास 20 जिलों का जिम्मा
प्रदेश के 20 जिलों में 13 कंपनियों के पाास पाइप लाइन से रसोई तक घरेलू गैस पहुंचाने का जिम्मा है। जयपुर, जोधपुर,अजमेर,कोटा उदयपुर,राजसमंद,चित्तौड़गढ़ भीलवाड़ा, अलवर, पाली, झालवाड़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा में कंपनियों ने काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा दौसा,सवाई माधाेपुर,टोंक, श्रीगंगानगर, झुन्झुनूं, सीकर, नागौर में जल्द काम शुरू होने वाला है।

सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट
खान व पेट्रोलियम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल ने बताया कि जयपुर शहर में गृहिणियों को रसोई में सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में यह राज्य सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जयपुर व अन्य जिलों में काम कर रही कंपनियों को तय समय में काम पूरा कर कनेक्शन जारी करने का रोडमैप तैयार करने के आदेश दिए गए हैं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/9wQzNEn
https://ift.tt/sS9KdMo

Post a Comment

और नया पुराने