सैलानियों के लिए खुला सबसे लंबा टिम्बर टावर सस्पेंशन ब्रिज

चेयरलिफ्ट से ब्रिज तक पहुंच सकेंगे

मिशिगन. दुनिया का सबसे लंबा टिम्बर टावर सस्पेंशन ब्रिज बनकर तैयार हो गया है। अमरीका के मिशिगन में बॉयने माउंटेन रिजर्व में स्थित इस पुल को हाल ही में पर्यटकों के लिए खोला गया है। 'स्काईब्रिज मिशिगन' नाम का यह पुल जमीन से सैकड़ों फीट ऊंचा है। इमारती लकड़ी से बना हवा में झूलता यह पुल 1200 फीट लंबा है। इस असाधारण ब्रिज से सैलानी बॉयने घाटी के खूबसूरत नजारों को देख पाएंगे।

टिम्बर टावर देंगे मजबूती
यह ब्रिज मैकलॉथ और चेले रिज की चोटियों के बीच स्थित है। स्काईब्रिज मिशिगन को खासतौर से पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए डिजाइन किया गया है। चेयरलिफ्ट के जरिए पर्यटक इस ब्रिज तक पहुंचेंगे। ब्रिज के वॉकवे को दो विशाल टिम्बर टावर मजबूती देते हैं। पुल के बीच में कांच का फर्श बना हुआ है, जिससे सैलानी नीचे घाटी को देख सकते हैं।

अमरीकी कंपनी ने छह माह में बनाया
अमरीकी कंपनी एक्सपेरिएंशियल रिसोर्सेज ने इस अनूठे ब्रिज को बनाया है। यह छह माह में बनकर तैयार हुआ है। ब्रिज को हर उम्र के लोगों के लिए खोला गया है। जमीन और आसमान के बीच हवा में टहलने का रोमांचकारी अनुभव लेने के लिए पर्यटकों को लगभग दो हजार रुपए खर्च करने होंगे। वैसे तो ब्रिज सालभर सैलानियों के लिए खुला रहेगा, लेकिन ऑपरेटर्स अब भी सुरक्षा कारणों से अलग-अलग मौसम में इसका निरीक्षण कर रहे हैं।

स्काईब्रिज की ये हैं खासियत

  • 118 फीट ऊंचा
  • 05 फीट चौड़ा
  • 20 टन वजनी एक टिम्बर टावर
  • 36 फीट तक कांच का फर्श है पुल के बीच में


from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/ErAxBPJ
https://ift.tt/sSoXENZ

Post a Comment

और नया पुराने