बीकानेर. गंगाशहर थाना क्षेत्र में बुधवार को ट्रेलर और तिपहिया वाहन की टक्कर में घायल तिपहिया वाहन चालक मुरलीधर शर्मा की भी मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस ने चारों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक योगेश यादव व एएसपी सिटी अमित कुमार बुड़ानिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बड़ी बेटी की आठ दिसंबर को होनी थी शादी
मुरलीधर के दो बेटियां व एक बेटा है। बड़ी बेटी खुशी की आठ दिसंबर को शादी तय कर रखी थी। पिता व दादा शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। छोटी बेटी भूमि व बेटा महेश पढ़ाई कर रहे हैं। मुरलीधर के पिता बाहर काम करते हैं। वे शुक्रवार को देशनोक पहुंचेंगे। मुरलीधर चार बहनों का इकलौता भाई था। सभी बहनें शादीशुदा हैं। घर-परिवार की पूरी ज़िम्मेदारी मुरलीधर पर ही थी। वह तिपहिया चलाकर आजीविका चला रहा था।
गंगाशहर एसएचओ लक्ष्मणसिंह राठौड़ ने बताया कि हादसे में घायल तिपहिया चालक मुरलीधर शर्मा की मौत के साथ ही बुधवार को हुए हादसे में घायल चार लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें देशनोक के भूरा बास निवासी झंवरलाल, सुंदरलाल भूरा एवं उनकी पत्नी राजूदेवी (55) पत्नी सुंदरलाल भूरा भी शामिल हैं। घायल निकिता का पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
तीन शवों का अंतिम संस्कार, एक का आज होगा
सुंदरलाल, झंवरलाल व राजूदेवी का शव गुरुवार सुबह 11 बजे देशनोक पहुंचा, तो माहौल गमगीन हो गया। एक ही घर से जब तीन अर्थियां एक साथ उठीं, तो हर एक आंख नम हो गई। कस्बे के मुक्ति धाम में तीनों शव का अंतिम संस्कार किया। वहीं तिपहिया वाहन चालक मुरलीधर शर्मा का शव कस्बे की सीएचसी के मुर्दाघर में रखा गया है। उसके परिवार के लोग बाहर हैं। वे शुक्रवार सुबह पहुंचेंगे। उसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बीकानेर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/6HjiqdN
https://ift.tt/T6uzRFc
إرسال تعليق