जिलों में बढ़ रहा सड़क हादसों का ग्राफ

जयप्रकाश गहलोत

बीकानेर. सरकार और पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद सड़क हादसे थम नहीं रहे। प्रदेशभर में हर साल होने वाले सड़क हादसों में हजारों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। अकेले बीकानेर रेंज की बात करें, तो बीते तीन साल में हुए सड़क हादसों में 1603 लोग काल के गाल में समा चुके हैं। हादसों को लेकर गंभीर सरकार व पुलिस प्रशासन ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए हैं, जहां हादसे अधिक होते हैं। ऐसे स्थानों पर नया तरीका अपनाते हुए खटारा व एक्सीडेंट हो चुके वाहनों को उल्टा, आड़ा-तिरछा खड़ी कर वाहन चालकों को सावचेत किया जा रहा है, ताकि हादसे नहीं हो।

रेंज के आंकड़ों पर नजर

बीकानेर रेंज में वर्ष 2020 से 2022 जुलाई तक के आंकड़े बताते हैं कि हर साल हादसों में बढ़ोतरी हो रही है। बीते तीन साल में रेंज में 2526 सड़क हादसे हुए, जिसमें 2419 लोग घायल हुए और 1603 लोगों की मौत हो गई। इन आंकड़ों पर गौर करें, तो बीकानेर जिले में सड़क हादसों में 22.31 प्रतिशत, घायलों में 59.66 और मृतकों की संख्या में 34.38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई हैं। बीकानेर रेंजभर में करीब 29 ब्लैक स्पॉट हैं।

बीकानेर के हाल

साल 2020 में बीकानेर जिले में 218 सड़क हादसों में 192 लोग घायल और 133 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2021 में 260 सड़क हादसों में 233 लोग घायल और 160 की मौत हुई। वर्ष 2022 में जुलाई तक 318 सड़क हादसों में 372 लोग घायल और 215 लोगों की मौत हुई।गंगानगर भी उसी राह पर

साल 2020 में श्रीगंगानगर जिले में 164 सड़क हादसों में 131 लोग घायल और 91 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2021 में 215 सड़क हादसों में 211 लोग घायल और 143 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2022 में जुलाई तक 203 सड़क हादसों में 175 लोग घायल और 114 लोगों की मौत हुई।

हनुमानगढ़ भी पीछे नहीं

साल 2020 में हनुमानगढ़ जिले में 129 सड़क हादसों में 143 लोग घायल और 88 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2021 में 152 सड़क हादसों में 134 लोग घायल और 87 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2022 में जुलाई तक 177 सड़क हादसों में 150 लोग घायल और 99 लोगों की मौत हुई।चूरू में भी मौतों में कोई कमी नहीं

साल 2020 में चूरू जिले में 214 सड़क हादसों में 194 लोग घायल और 147 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2021 में 246 सड़क हादसों में 259 लोग घायल और 180 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2022 में जुलाई तक 230 सड़क हादसों में 225 लोग घायल और 146 लोगों की मौत हुई।

बीकानेर में यहां ब्लैक स्पॉट

बीकानेर जिले में दस स्थानों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। सैरंणा थाना क्षेत्र में सैरुणा, नापासर थाना क्षेत्र में गुंसाईसर व नौरंगदेसर, श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में कीतासर, गजनेर थाना क्षेत्र में गजनेर और गोलरी, देशनोक थाना क्षेत्र में देशनोक, जासर थाना क्षेत्र में जामसर बस स्टैंड व खारा रीको एवं लूणकरनसर में एक ब्लैक स्पॉट चिन्हित किया गया है। पुलिस ने इन ब्लैक स्पॉटों पर चेतावनी बोर्ड लगवाए हैं तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को डेमो के रूप में खड़ा किया है।

इनका कहना है...

सड़क हादसों पर रोक के प्रयास कर रहे हैं। बीकानेर जयपुर मार्ग को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लिया गया है। जिले में दस ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। तकनीकी खामी को भी दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।

योगेश यादव, पुलिस अधीक्षक

इनका कहना है...

सड़क हादसों में कमी लाने के लिए अब नए सिरे से योजना बनाकर काम कर रहे हैं। संबंधित थाना एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करेंगे, ताकि तेजगति, क्षमता से अधिक सवारियां ढोने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें।

ओमप्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/PQUpN6g

https://ift.tt/h5FSY60

Post a Comment

और नया पुराने