छत्तरगढ़. खाजूवाला-छत्तरगढ़ वाया सत्तासर सड़क पर एक निजी बस गुरुवार सुबह ट्रोले को साइड देने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक सहित तीन जने घायल हो गए। इस दौरान एकबारगी बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
चारा भरकर आ रहा था
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एक निजी बस सवारियां भर कर खाजूवाला से छत्तरगढ़़ आ रही थी। तभी रास्ते में सत्तासर गांव के नजदीक 7 एसटीएम के पास सामने से आ रहे चारे से भरे ट्रोले को साइड देने के प्रयास में बस सड़क से नीचे उतर गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक इमाम निवासी कंकराला, नर्स सुनीता व मनोहरलाल घायल हो गए। गनीमत रही कि जनहानि नहीं हुई। बस में महिला, बच्चों सहित 35 यात्री थे।
एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर ली जानकारी
हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। छत्तरगढ़़ थाने को सूचना दी। इसके बाद एसएचओ जय कुमार भादू पुलिस जाब्ते को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान चालक सहित तीनों घायलों को ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज करने के बाद बस चालक को बीकानेर रेफर किया गया। दो अन्य घायलों को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर छत्तरगढ़ एसडीएम सीता शर्मा व तहसीलदार राजेश शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और बस में सवार सभी सवारियों के बारे में जानकारी ली। घटना के बाद बाधित हुए आवागमन को फिर से सुचारु करने के लिए थानाधिकारी ने जेसीबी बुलाकर बस को खड़ा किया और आवागमन सुचारु करवाया।
नकली डीएपी खाद बनाने के आरोपी को जेल
नोखा. दासनूं गां की रोही में नकली डीएपी खाद बनाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सीआइ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि आरोपी काकड़ा निवासी महावीर पुत्र बंशीलाल बिश्नोई के खिलाफ नकली डीएपी खाद बनाने का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस इस मामले में जांच कर रही है, इस धंधे में लिप्त अन्य लोगों के बारे में अनुसंधान किया जा रहा है। विदित रहे कि दो दिन पहले दासनूं की रोही में शिवलाल जाट के खेत में नकली डीएपी खाद बनाने की सूचना मिलने पर कृषि विभाग, प्रशासन और पुलिस टीम ने संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए मौके पर नकली डीएपी खाद से भरे हुए 439 कट्टे और 1864 खाली कट्टों सहित पैङ्क्षकग मशीन व अन्य सामान जब्त किया था। इस मामले में पुलिस ने अवैध रुप से डीएपी खाद तैयार करने के प्रयोग में लिए जा रहे वाहन एक ट्रक, एक पिकअप, एक केम्पर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/zQZ5J9o
https://ift.tt/eas2XyC
एक टिप्पणी भेजें