राजस्थान के लोगों की जीभ पर घी और मक्खन से ज्यादा ‘चीज’ का स्वाद चढ़ गया है। यहां लोग एक साल में 200 मीट्रिक टन चीज चट कर रहे हैं। पिज्जा, बर्गर जैसे फास्टफूड के अलावा अब डोसा, रोटी रोल तक में चीज का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है। पारंपरिक व्यंजन तक में चीज का ‘तड़का’ लगाया जा रहा है। इसी कारण इसकी खपत में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, चिकित्सकों का कहना है की इसके नियमित सेवन से मोटापा सहित कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ रही हैं।
पिछले साल के अनुपात में एक साल में चीज की खपत एक साथ 23 प्रतिशत तक बढ़ गई, जबकि इससे पहले के तीन साल में औसत खपत ग्यारह से बारह प्रतिशत थी। उधर, घी में 13-14 प्रतिशत और मक्खन (बटर) में 11-12 प्रतिशत बढ़ोतरी है।
महाराष्ट्र और गुजरात आगे: देश में सबसे ज्यादा चीज महाराष्ट्रवासी खा रहे हैं, जबकि दूसरे नंबर पर गुजरात का नंबर है। इसके बाद दिल्ली और फिर राजस्थान का नम्बर है।
नियंत्रित तरीके से सेवन जरूरी
चीज का नियमित सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे अतिरिक्त कैलोरी शरीर में जमा होती है, जिससे बीएमआइ बढ़ता है और मोटापा बढ़ने लगता है। आजकल बच्चों में भी अत्यधिक मोटापे की समस्या देखने को मिल रही है। चीज का नियंत्रित तरीके से सेवन जरूरी है।
- डॉ. अशोक झांझड़िया, एसोसिएट प्रोफेसर, एसएमएस मेडिकल कॉलेज
डोसा-चपाती रोल में भी चीज: फास्ट फूड (पास्ता, पिज्जा, बर्गर, सैंडविच, रैप्स, टैकोस, गार्लिक ब्रेड सहित अन्य) में बड़े पैमाने पर चीज का उपयोग किया जाता रहा है। पारंपरिक भारतीय व्यंजनों में भी चीज का उपयोग बढ़ रहा है। डोसा, उत्तपम और परांठा, चपाती रोल तक में चीज खा रहे हैं।
शहरी: क्षेत्र के 4 प्रतिशत घरों में नियमित चीज पहुंच रहा है, जो कुल खपत का 20 प्रतिशत हिस्सा है।
ग्रामीण: क्षेत्रों के घरों में खपत 1 प्रतिशत ही है।
रेस्टोरेंट, कैफे होटल, चौपाटी में इसका स्वाद ज्यादा चख रहे हैं।
प्रोटीन है, लेकिन फैट भी
प्रोटीन: इसमें प्रोटीन है। जिन्हें प्रोटीन की जरूरत है, उनके लिए उपयोगी। हालांकि, यह भी उसी स्थिति में गुणकारी है जब इसे फास्टफूड के साथ नहीं खाएं। बल्कि,चपाती, सब्जी के साथ सेवन करें।
फैट: इसमें 26 प्रतिशत फैट है। कोलेस्ट्रोल, हृदय रोग से पीड़ितों के लिए इसका सेवन ठीक नहीं है।
(देश की सबसे बड़ी सहकारी दुग्ध संस्था की जानकारी और मार्केट एनालेसिस रिसर्च कंसल्टिंग कंपनी की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार)
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/uocIJmQ
https://ift.tt/lprmiWx
إرسال تعليق