बैदों के चौक के प्राचीन भगवान महावीर के मंदिर से मंगलवार को श्री जैन श्वेताम्बर महावीर स्वामी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में सकल श्रीसंघ के सहयोग से भगवान महावीर की सवारी परम्परानुसार निकाली गई। 259 वें वर्ष निकाली गई सवारी में चांदी के सिंहासन में प्रतिष्ठित परमात्मा की प्रतिमा का जगह-जगह वंदन किया गया। श्री जैन श्वेताम्बर महावीर स्वामी मंदिर ट्रस्ट के मंत्री भूपेन्द्र बैद के अनुसार शोभायात्रा में बच्चों, युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सवारी में सबसे आगे इंद्र ध्वज, सजे-संवरे घोड़े, ऊंट, ऊंट गाड़ो में बैठे बच्चे जैन धर्म के नारे लगा थे। नगाड़ा व ढोल तथा बैंड बाजों की पार्टियों नवंकार महामंत्र की धुन बजा रही थीं। भगवान महावीर की माता विशाला के स्वप्न में दिखाई दी वस्तुएं, चांदी का कल्पवृक्ष, भगवान महावीर के जीवन आदर्शों से संबंधित चित्र ठेलों पर थे।शोभायात्रा में वीर मंडल, जैन गौतम मंडल, महावीर मंडल, जैन मंडल, आदिश्वर मंडल व कोचर मंडल की भजन मंडलियां शामिल हुई।
इन मार्गों से निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा रवाना होकर सिपानी मोहल्ला, बांठियों का चौक, आसानियों का चौक, रामपुरिया राखेचा मोहल्ला, गोलछा-नाहटा चौक भगवान आदिश्वर मंदिर के आगे से होते हुए, भुजिया बाजार चिंतामणि जैन मंदिर के आगे से मालू, मुकिम बोथरा, पुरानी जेल व दिगम्बर जैन नसियाजी मार्ग, कोटगेट, लाभुजी कटला के पास से स्टेशन मार्ग होते हुए गंगाशहर रोड पर स्थित पार्श्वचन्द्र सूरि दादाबाड़ी मंदिर पहुंची। जहां आरती की गई। भगवान की सवारी का बुधवार को ठहराव पार्श्वचन्द्र दादाबाड़ी में रहेगा। गुरुवार को सवारी वापस दादाबाड़ी से सुबह साढ़े नौ बजे रवाना होकर बैदों के महावीर के मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
साध्वी वृंद ने दिया आशीर्वाद
जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ की साध्वी मृगावती, साध्वी सुरप्रिया व नित्योदया, जैन श्वेताम्बर तपागच्छ संघ की साध्वी सौम्यप्रभा, सौम्यदर्शना, अक्षय दर्शना व परम दर्शना, जैन श्वेताम्बर पार्श्वचन्द्रगच्छ की साध्वी पदम प्रभा, सुव्रता, जैन श्वेताम्बर तेरापंथ की साध्वी अर्हता आदि ठाणा के साथ साधुमार्गी जैन संघ, शांत क्रांत संघ की साध्वी व मुनिवृंद ने भी सवारी को देखा तथा परमात्मा का स्मरण- वंदन किया और श्रावक-श्राविकाओं को आशीर्वाद दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/pAuIzHT
https://ift.tt/46MYFlf
एक टिप्पणी भेजें