प्याऊ में इंदिरा रसोई, उस पर भी लगा है ताला

इंदिरा रसोई योजना को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस कमरे पर इंदिरा रसोई के बोर्ड लगाए गए, उसमें न तो रसोई का संचालन शुरू हो रहा है और ना ही बोर्ड हटाए जा रहे हैं। निगम की ओर से जूनागढ़ बस स्टैण्ड क्षेत्र में एक कमरे को इंदिरा रसोई के लिए तैयार किया गया। इस कमरे के बाहर की ओर पानी पीने की टोंटिया लगी हुई हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कमरा कभी प्याऊ रहा था। निगम ने इसको तैयार करवाकर इंदिरा रसोई योजना के बोर्ड भी लगा दिए। यह बोर्ड पिछले कई दिनों से लगे हुए हैं। यहां संबंधित एनजीओ की ओर से अब तक इंदिरा रसोई का संचालन शुरू नहीं किया गया है। यहां रसोई प्रारंभ होती है तो बड़ी संख्या में जरुरतमंद लोग लाभान्वित हो सकते हैं। वहीं निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा का कहना है कि यहां इंदिरा रसोई को शिफ्ट किया गया है। संबंधित फर्म को जल्द से जल्द इसका संचालन शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।

20 नवीन रसोई हुई थी प्रारंभ

नगर निगम क्षेत्र में दस इंदिरा रसोईयों का संचालन पहले से हो रहा था। राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की विभिन्न स्थानीय निकाय क्षेत्रों में 18 सितंबर को और रसोइयां शुरू कीं गई। इनमें शहर में 20 नवीन रसोइयां शुरू हुईं। इन रसोइयों के साथ निगम क्षेत्र में कुल 30 इंदिरा रसोई का संचालन प्रारंभ हो गया।

ये स्थान हुए थे चिह्नित

नगर निगम ने बीस नवीन इंदिरा रसोइयों के संचालन के लिए 20 स्थान चिह्नित कर उद्घाटन करवाया था। इनमें खादी मंदिर हॉल रानी बाजार में उद्घाटन कार्यक्रम हुआ था। पीबीएम मर्दाना अस्पताल से बच्चा वार्ड के बीच, नगर निगम पम्पिंग स्टेशन के अंदर, लालगढ़ रेलवे स्टेशन के सामने, करमीसर फांटे के पास, ऊन मंडी पूगल रोड, मुक्ता प्रसाद सेक्टर 17, बीकाजी फैक्ट्री के सामने ख्वाजा कॉलोनी, रामदेवजी मंदिर के पास सुजानदेसर,नायको का मोहल्ला सामुदायिक भवन भीनासर, नोखा रोड बस स्टैण्ड गंगाशहर, वाल्मीकि बस्ती सामुदायिक भवन नत्थूसर गेट, नई लाइन गंगाशहर बोथरा चौक पुराना बस स्टैण्ड, उस्तों की बारी, पशु चिकित्सालय के पास गोगागेट, ग्रामीण हाट व्यास कॉलोनी, हल्दीराम प्याऊ के पास, शिवबाड़ी मंदिर के सामने, नागणेचीजी मंदिर के पास सामुदायिक भवन और करणी औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी सामने इंदिरा रसोइयों के लिए स्थान चिह्नित कर संचालन प्रारंभ किया गया था।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2bWyNMa

https://ift.tt/0cJReKv

Post a Comment

أحدث أقدم