बीकानेर. पुलिस जवानों को फिट रखने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश यादव नई पहल करने जा रहे हैं। इसके लिए वे फिट पुलिस-हिट पुलिस थीम लाए हैं। इसके तहत पुलिस जवानों का खुद के साथियों से मुकाबला होगा। फिट पुलिस जवानों व अधिकारियों को हर थाना स्तर पर रोल मॉडल के रूप में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक का मानना है कि आधुनिक दौर में पुलिस प्रशासन की व्यस्ततम कार्यप्रणाली और डिजिटलाइजेशन ने शारीरिक व्यायाम को कोसों दूर कर दिया है। इसी का नतीजा है कि फिटनेस के लिए नित नए आयाम रचे जा रहे हैं। बीकानेर शहर में एक्टिव पुलिसिंग के बाद अब यह नई पहल कारगर साबित होती है, तो आगामी दिनों में बीकानेर पुलिस प्रदेशभर में फिट पुलिस-हीट पुलिस की नजीर पेश करेगी।
योगा, जिम, दौड़ व खेल
पुलिस जवानों को फिट रखने के लिए वैसे तो पुलिस में बहुत से काम किए जाते हैं, लेकिन अबकी बार पुलिस जवानों पर कोई दबाव नहीं होगा। पुलिस जवान अपने साथी से अपनी फिटनेस की तुलना करेंगे। इसके लिए जिले के 28 थानों में तैनात ऐसे पुलिस जवान व अधिकारी, जो शारीरिक रूप से फिट हैं, उनका चयन किया जा रहा है। शारीरिक रूप से फिट जवानों को थानों में अनफिट पुलिस कर्मचारियों के समक्ष रोल मॉडल के रूप में पेश करेंगे। पुलिस जवानों के लिए पुलिस लाइन व थानों में थानाधिकारी अपने-अपने स्तर पर योगा व व्यायाम कराने जैसी व्यवस्थाएं करेंगे। जवानों को बॉलीबॉल, फुटबाल, शतरंज, बैडमिंटन सहित अनेक प्रकार के खेल के लिए प्रेरित किया जाएगा। हर माह फिटनेस चेक करने के लिए फिट पुलिस-हिट पुलिस प्रतियोगिता रखी जाएगी।
इसलिए पड़ रही जरूरत
पुलिस सूत्रों की मानें, तो पुलिस कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ रहा है। जिले में पिछले आठ-दस सालों में अपराध का ग्राफ 45 प्रतिशत बढ़ गया है। हालात यह हैं कि पुलिस जवान काम और तनाव के चलते हांफ रहे हैं। अनिद्रा, बीपी, शुगर, मानसिक रोग की चपेट में आ रहे हैं। पुलिस को ऐसी समस्याओं से उबारने के लिए ही फिट पुलिस-हिट पुलिस जैसे मंत्र की जरूरत है।
पुलिस को फिट रहना जरूरी
पुलिस जवान तन, मन व दिमाग से मजबूत नहीं होंगे, तो बेहतर परिणाम नहीं मिल सकते। ऐसे में पुलिस कर्मी खुद को फिट रखें। जवानों-अधिकारियों को फिट रखने के लिए नई पहल शुरू कर रहे हैं। उम्मीद है बेहतर परिणाम मिलेंगे।
योगेश यादव, पुलिस अधीक्षक
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/1MITfJV
https://ift.tt/kNLGBFs
एक टिप्पणी भेजें