थाने पर प्रदर्शन, दो बार किया राजमार्ग जाम

श्रीडूंगरगढ़. गाड़ी से बाइक को टक्कर मारने के प्रकरण में बिग्गा निवासी युवक मुखराम सारण की मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को पुलिस थाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दो बार राष्ट्रीय राजमार्ग 11 जाम भी किया गया। इसके बाद एक नामजद आरोपी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और परिजन मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।


प्रदर्शन कर किया हाईवे जाम
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 7.30 बजे हेमासर गांव के पास सड़क पर मिले युवक मुखराम के शव को सरकारी चिकित्सालय लाया गया था। इसकी सूचना पर मृतक के परिजन सहित अन्य लोग भी अस्पताल में एकत्रित हो गए और युवक की हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। थाने में देर रात्रि तक परिजनों सहित लोगों का जमावड़ा लगा रहा। इसके बाद मंगलवार सुबह भी आक्रोशित परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने व उठाने से इनकार करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान जसवीर सारण, ओमप्रकाश सारण, संदीप दुसाद, महेंद्र दुसाद, सोहन सारण, पूनमचंद नैण, तोलाराम जाखड़, हरिराम बाना, डॉ. विवेक माचरा, दानाराम ङ्क्षघटाला, लक्ष्मणराम जाखड़, हेतराम जाखड़, ज्ञानाराम ज्याणी, रामनिवास कूकणा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने दो बार हाइवे भी जाम कर दिया। जाम के दौरान हाइवे पर वाहनों की कतारें लग गई। सीओ दिनेश कुमार, कार्यवाहक थानाधिकारी बलबीर ङ्क्षसह, सेरूणा एसएचओ रामचन्द्र ढाका सहित पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर कुछ ही देर में जाम को हटवा कर यातायात सुचारू करवा दिया। सीओ दिनेश कुमार द्वारा निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।


प्रकरण में नया मोड़
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को जब मृतक मुखराम का शव सरकारी चिकित्सालय में लाया गया था तो इस दौरान आरोपी कन्हैयालाल भी वहीं पर मौजूद था। उसने अन्य लोगों के खिलाफ मुखराम और उसे गाड़ी से टक्कर मारने का आरोप लगाया था, लेकिन इसके बाद मृतक के भाई द्वारा कन्हैयालाल के खिलाफ ही हत्या का मामला दर्ज करवाने पर पूरे प्रकरण में नया मोड़ आ गया।

हत्या का मामला दर्ज
सीओ दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई बजरंगलाल ने हेमासर निवासी कन्हैयालाल सारस्वत के खिलाफ रुपए के लेनदेन को लेकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई मुखराम और आरोपी कन्हैयालाल साथ काम करते हैं और उनका लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर 2.30 बजे आरोपी ने मुखराम को फोन कर श्रीडूंगरगढ़ बुलाया था और शाम 6.30 बजे उसे अपनी बाइक पर श्रीडूंगरगढ़ से लेकर हाइवे स्थित एक होटल ले गया। इस दौरान मुखराम ने अपने मित्र जितेंद्र ओर महेश को फोन कर वहां से खुद को ले जाने के लिए बुलाया था, लेकिन वे पहुंचते उससे पहले ही आरोपी कन्हैयालाल अपने साथ मुखराम को हेमासर की ओर ले गया और रेलवे पटरियों के पास षडयंत्रपूर्वक बाइक से उतारकर पहले से घात लगाकर बैठे व्यक्तियों के साथ मिलकर वाहन से टक्कर मारकर या हथियारों से सआशय मुखराम की हत्या कर दी।


मामले में साक्ष्य जुटाए
रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
दिनेश कुमार, सीओ, श्रीडूंगरगढ़।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/HFVZgGi

https://ift.tt/LsI4nMb

Post a Comment

और नया पुराने