बीकानेर. शहर एक बार फिर नकाबपोश लुटेरों से आतंकित है। गली-गली बाईक पर घूम रहे यह लुटेरे राहगीरों से मोबाइल, पर्स और चेन आदि झपटा मारकर लूट ले जाते है। रात को अकेला मिलने पर रोककर उससे नकदी व कीमती सामान तक लूट लेते है। पीडि़त थाने पहुंचते है तो वहां भी प्रार्थना पत्र लेकर रख लिया जाता है। पुलिस के गंभीरता से नहीं लेने का नतीजा है कि अपराधियों के हौसले बुलंद होते जाते है। ताजा वारदात गुरुवार शाम को फिर नयाशहर थाना क्षेत्र में हुई। इससे पहले बुधवार को कोटगेट और नयाशहर थाना क्षेत्र में छीना-झपटी की एक-एक वारदात हुई थी। सभी पीडि़त थाने तक पहुंचे लेकिन मामले दर्ज करने की बजाए आश्वासन देकर वापस भेजने पर रहा है।
बुजुर्ग से मोबाइल छीन भागे बदमाश
नयाशहर थाना क्षेत्र में पुष्करणा स्कूल के पास गुरुवार शाम करीब सात बजे लीलाधर पुत्र दाऊदयाल ओझा साइकिल से घर जा रहे थे। उनके शर्ट की ऊपर वाली जेब में मोबाइल था। तभी बाइक सवार दो नकाबपोशों ने जेब पर झपटा मारकर मोबाइल लूट लिया और बाइक पर फरार हो गए। पीडि़त लीलाधर ने बताया कि उन्होंने कुछ दूर बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन वे संकरी गलियों से होकर नत्थूसर गेट की तरफ भाग निकले।
पीडि़त थाने गया, कोई सुनवाई नहीं की
पीडि़त लीलाधर व उसका भतीजा पंकज ओझा घटना के तुरंत बाद नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। पंकज ने बताया कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुक्ताप्रसाद पुलिस चौकी में जानकारी देने का कहा। इस पर पंकज ने कहा कि थाना यहां है तो रिपोर्ट वहां कराने क्यों जाएं। कोई सुनवाई नहीं होने पर हाकर वापस घर लौट आए। शुक्रवार को पीडि़त पुलिस अधीक्षक योगेश यादव से मिला और प्रार्थना-पत्र दिया। इससे पहले बुधवार को तोलियासर भैरुंजी गली में खरीदारी करने आई दीपिका पत्नी दिनेश का बाइक सवार युवक पर्स छीन ले गए थे। पर्स में 1500 रुपए नकद थे।
बेखौफ वारदात काे देते अंजाम
बाइक सवार नकाबपोश बेखौफ वारदात को अंजाम देते हैं। वे शहरभर में राहगीर अकेली महिला, बुजुर्ग या दुकानदार की तलाश में घूमते रहते है। जैसे ही ऐसा कोई मिलता है कुछ दूर पीछा कर मौका पाते ही झपटा मारकर लूट की वारदात को अंजाम दे देते हैं। रात को बाइक या साइकिल पर अकेला जाता दिखने पर उसे धक्का देकर गिरा देते है। फिर उसकी जेब से नकदी आदि लूटकर फरार हो जाते है। वारदात के बाद देर तक खुले रहे वाले होटल-ढाबों पर जाकर बैठ जाते है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/iS2g1KE
https://ift.tt/4pCHUDa
एक टिप्पणी भेजें