श्रीडूंगरगढ़. लंबे इंतजार के बाद आमजन की सुविधा के लिए कस्बे से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई गई है। ताकि कस्बे का ट्रैफिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर नहीं आए, लेकिन इस सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग परेशानी और हादसों का सबब बन रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर करीब 20 फीट की चौड़ाई में बनी सर्विस रोड यहां के मैकेनिकों की वर्कशॉप बन गई है। हालात यह है कि बीच सड़क पर वाहनों को खड़ा कर उनकी मरम्मत की जाती है। साथ ही पुरानी गाड़ियों को इस सर्विस रोड़ पर खड़ा कर दिया गया है। कई प्रतिष्ठानों के आगे सर्विस रोड सुलभ पार्किंग बन गई है।
इन प्रतिष्ठानों में आने वाले लोग अपनी बाइक और वाहन बेधड़क इस सर्विस रोड़ पर पार्क करते है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग 11 पर सेसोमूं स्कूल से झंवर बस स्टैंड तक बनी करीब 3 किलोमीटर सर्विस रोड पूरी तरह कब्जे के आगोश में है। इस अवैध पार्किंग के कारण कई बार इस सर्विस रोड पर हादसे भी हो चुके है। साथ ही हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। नगरपालिका प्रशासन अपने क्षेत्र में नहीं आने की बात कहकर इनको हटा नहीं रहा है और एनएचएआइ के अधिकारी सब कुछ देखकर भी अनजान बने हुए हैं।
सर्विस रोड जरूरी
जानकारी के अनुसार व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग की शहरी सीमा में सर्विस रोड इसलिए बनाई जाती है। ताकि आसपास के क्षेत्र में जो वाहन या लोग जा रहे हैं वे मुख्य सड़क में नहीं जाए और तेज गति से जो ट्रैफिक संचालित हो रहा है। उस पर असर नहीं पड़े। शहरी हिस्से के वाहन इसी सड़क का उपयोग करें।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/IbL1TBP
https://ift.tt/2ZK9a8B
إرسال تعليق