सरकार की योजनाओं का गुणगान करने पर मिलेगा इनाम

छतरगढ़़. स्कूलों में इन दिनों अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही है। दूसरी ओर राज्य सरकार के चार साल पूरे होने पर विभाग की ओर से निबंध, वाद-विवाद व क्विज प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी आदेश जारी हुआ है। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। अव्वल विद्यार्थियों को स्कूल, ब्लॉक व जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर होने पर निदेशक के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिताओं के आयोजन के संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसके मुताबिक दो दिवसीय आयोजन के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें 19 दिसंबर को कक्षा 9 से 12 के लिए निबंध प्रतियोगिता होगी।

इसमें मॉडल स्टेट राजस्थान, राजस्थान सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं व राजस्थान सरकार शिक्षा विभाग की फ्लैगशिप योजनाएं विषयक निबंध लिखना होगा। वहीं 21 दिसंबर को कक्षा 9 से 12 के लिए मॉडल स्टेट राजस्थान विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा दोपहर दो से तीन बजे के बीच कक्षा 6 से 8 जूनियर वर्ग व कक्षा 9 से 12 (सीनियर वर्ग) के लिए क्विज प्रतियोगिता होगी। अव्वल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार दिए जाएंगे।


ऐसे होगा अव्वल का चयन
निबंध प्रतियोगिता में स्कूल स्तर पर अव्वल प्रविष्टि को ब्लॉक स्तर पर जांचा जाएगा। वहां से तीन अव्वल प्रविष्टियां जिला स्तर पर भेजी जाएंगी। वाद-विवाद प्रतियोगिता की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। स्कूल में अव्वल रहे प्रतिभागी का वीडियो ब्लॉक स्तर पर भेजा जाएगा। वहां से अव्वल तीन प्रतिभागियों के वीडियो जिला स्तर पर भेजे जाएंगे।


इनका कहना है
अर्द्धवार्षिक परीक्षा कार्यक्रम के अंतिम दिन 19 दिसंबर को परीक्षा संपन्न होने के बाद निबंध प्रतियोगिता रखी गई है। इससे विद्यार्थियों की परीक्षा में किसी तरह का व्यवधान नहीं होगा। वहीं वाद-विवाद व क्विज प्रतियोगिताएं एक दिन छोडक़र होनी हैं। अव्वल प्रतिभागियों का स्कूल, ब्लॉक व जिला स्तर पर सम्मान किया जाएगा।

रामकुमार शर्मा, सीडीइओ, बीकानेर



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/6l7zyWF

https://ift.tt/265Pndp

Post a Comment

أحدث أقدم