जयपुर. हैरिटेज नगर निगम परकोटे के बाजारों में अब रात को झाड़ू लगाएगा। इससे व्यापारियों और ग्राहकों के अलावा स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। जिन आठ बाजारों में रात को सफाई होगी, वहां दिन में सबसे ज्यादा चहल-पहल रहती है।आमतौर पर परकोटे के बाजारों में सुबह से ही गहमा-गहमी शुरू हो जाती है और सुबह आठ बजे के बाद वाहनों का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में बाजारों की सफाई सही तरह से नहीं हो पाती और दिन भर सड़क किनारे कचरा पसरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हैरिटेज नगर निगम ने पहली बार परकोटे के बाजारों को रात में साफ करने का फैसला लिया है।
इन बाजारों में होगी सफाई
-चांदपोल बाजार, किशनपोल, त्रिपोलिया, जौहरी बाजार, हवामहल रोड, सुभाष चौक के आस-पास का क्षेत्र, चौड़ा रास्ता, रामगंज बाजार, गणगौरी बाजार।
-ये 100 सफाईकर्मी रात 8:30 से रात 11:30 बजे तक सफाई करेंगे। इसके लिए 10 से 15 सफाईकर्मियों की टीम बनाई गई है।
10 दिन से हो रहा प्रयोग
पिछले 10 दिन से चौड़ा रास्ता, हवामहल रोड, किशनपोल बाजार और चांदपोल बाजार में रात में प्रायोगिक तौर पर सफाई करवाई जा रही है। किस बाजार में कितने कर्मचारियों की जरूरत है, उसका अंदाजा भी लग गया है। इसकी विधिवत शुरुआत जल्द हो जाएगी।
पर्यटन स्थलों के आस-पास लगाईं टीमें-हवामहल, आमेर फोर्ट, जंतर-मंतर के आस-पास सैलानियों की बढ़ती संख्या देखते हुए सफाईकर्मियों की टीम लगाई गई हैं। जैसे ही कचरा पात्र भर जाते हैं, उनको निगम की टीम तुरंत खाली करवा लेती है। साथ ही सड़कों की सफाई भी नियमित रूप से हो रही है।
गलियों के बाजार भी होंगे रात में साफ
प्रयोग के तौर पर पिछले कई दिन से रात में सफाई करवाई जा रही है। पहले चरण में प्रमुख बाजारों की सड़कें रात को साफ होंगी और जल्द ही गलियों के बाजारों में भी रात को सफाई शुरू करवाएंगे।
-आशीष कुमार, उपायुक्त स्वास्थ्य
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/GWKUjNz
https://ift.tt/VbUB3PF
एक टिप्पणी भेजें