कभी उड़ता था 10 फीट लंबे पंखों वाला विशालकाय Eagle

कैनबरा. प्रागैतिहासिक काल में ऑस्ट्रेलिया के आसमान में ऐसा विशालकाय गरुड़ (Eagle) उड़ता था, जो एनिमेशन फिल्म के काल्पनिक किरदार के समान था। यह बड़े जीवों का शिकार कर सकता था। इसके पंख 10 फीट लंबे और पंजे 12 इंच के थे। ऑस्ट्रेलियाई वैज्ञानिकों ने ताजा शोध में यह दावा किया है। शोध दक्षिण ऑस्ट्रेलिया (Australia) की 17 मीटर गहरी गुफा में 1959 से 2021 तक खोजे गए जीवाश्मों पर आधारित है। इन जीवाश्म में पैर, पंख, पंजे, और एक खोपड़ी शामिल है।
लाइव साइंस के मुताबिक, जर्नल ऑफ ऑर्निथोलॉजी (Journal of Ornithology) में प्रकाशित शोध में बताया गया कि डायनाटोएटस गैफ (Dynatoaetus gaffae) नाम का यह शक्तिशाली गरुड़ सात लाख साल पहले अस्तित्व में था और संभवत: ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा गरुड़ था। शोध के सह-लेखक ट्रेवर वर्थ (Trevor Worthy) ऑस्ट्रेलिया की फ्लिंडर्स यूनिवर्सिटी (Flinders University) के जीवाश्म विज्ञानी (Paleontologist) हैं। उनका कहना है कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में डायनाटोएटस गैफ से भी विशालकाय गरुड़ पाए गए हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पहली बार ऐसे गरुड़ का पता चला है।

इससे कई गुना बड़ा था अर्जेंटाविस मैग्नीफिसेंस
ऑस्ट्रेलियन ज्योग्राफिक पत्रिका के मुताबिक, डायनाटोएटस गैफ ऑस्ट्रेलिया में विशालकाय कंगारुओं और उड़ने में असक्षम भारी-भरकम पक्षियों के साथ रहते थे। प्लीस्टोसीन युग के दौरान विलुप्त यह गरुड़ ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष शिकारियों में से एक था। हालांकि 60 लाख साल पहले अर्जेंटीना में उड़ने वाला पक्षी अर्जेंटाविस मैग्नीफिसेंस इससे कई गुना बड़ा था। उसके पंखों का फैलाव सात मीटर था।

समकालीन दो बड़े गरुड़
प्रागैतिहासिक काल में डायनाटोएटस गैफ से बड़े दो गरुड़ अस्तित्व में थे। इनमें से एक गिगेंटोहियरेक्स सुआरेजी क्यूबा में पाया जाता था। दूसरा हियराएटस मूरेई न्यूजीलैंड में विशालकाय मोआ पक्षियों का शिकार करता था। लाइव साइंस के मुताबिक, इन दो प्रजातियों के पंखों का फैलाव गैफ के समान था। उनके पंख इससे भारी थे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/V3WBkoH
https://ift.tt/5wXgilc

Post a Comment

أحدث أقدم